Amethi News: अमेठी में महिला से लूटपाट करने वाले 2 आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, आभूषण बरामद
Amethi News: अमेठी में घर में घुसकर महिला से लूटपाट करने वाले दो आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, सोने-चांदी के आभूषण और बाइक बरामद।
Amethi News
Amethi News : जिले के जायस थाना क्षेत्र में घर में अकेली महिला को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण व बिना कागजात के एक बाइक बरामद किया है। पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है।पुलिस ने दावा किया है कि जल्द उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जिले के जायस थाना क्षेत्र के रानी हरवंशगंज मजरे मवई आलमपुर निवासी आकाश पुत्र धर्मवीर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 2 जून की शाम करीब चार बजे गांव के ही दुर्गेश, अरमान और इमरान उसके घर में छत के रास्ते घुस आए। उस समय घर में उसकी पत्नी अकेली थी। उसने आरोप लगाया कि तीनों ने महिला को धमकाकर अलमारी और पेटी की चाबी ले ली तथा उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद लूट लिए। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट भी की गई।
पीड़ित की तहरीर पर जायस थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने तत्काल खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में जायस पुलिस और स्वाट टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। बुधवार को चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल आरोपी मोटरसाइकिल से पूरे अजीम रोड होते हुए मोहनगंज की ओर जाने वाले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्वाट टीम ने त्रिपुला तिराहे के पास घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार दो आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरमान पुत्र बाबू और दुर्गेश पुत्र रमेश निवासी रानी हरवंशगंज मजरे मवई आलमपुर थाना जायस के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से लूटे गए आभूषण बरामद हुए। बरामदगी में पावजेब, पायल, बिछिया, हाथफूल, चांदी के टुकड़े, मंगलसूत्र, मांग टीका, नथिया, टप और झुमकी सहित कई कीमती आभूषण शामिल हैं।
जिस मोटरसाइकिल से आरोपी जा रहे थे, उसके वैध दस्तावेज भी नहीं मिले, जिसके चलते वाहन को भी सीज कर कार्रवाई की गई।पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथी इमरान के साथ मिलकर आकाश के घर में लूट की घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों ने बताया कि बरामद आभूषण उसी वारदात से जुड़े हैं, जबकि कुछ अन्य जेवर अभी उनके कब्जे में हैं। पुलिस फरार आरोपी इमरान की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।घटना के त्वरित खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. ने जायस पुलिस और स्वाट टीम की सराहना करते हुए पूरी टीम को 15 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।