Auraiya: भाजपा की हर घर तिरंगा अभियान कार्यशाला आयोजित, 10 से 14 अगस्त तक तिरंगा फहराने का आह्वान
Auraiya News: औरैया भाजपा जिला कार्यालय में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। पदाधिकारियों ने 10 से 14 अगस्त तक घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
Auraiya News
Auraiya News: औरैया में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में मंगलवार दोपहर 'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने की। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी आनंद सिंह मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन का आंदोलन बनाने और 10 से 14 अगस्त तक अधिक से अधिक घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि आनंद सिंह ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का प्रतीक है। उन्होंने प्रत्येक विधानसभा और मंडल स्तर पर तिरंगा यात्राएं निकालने के निर्देश दिए और कहा कि इन यात्राओं में समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियान व्यापक स्तर पर सफल हो सके।उन्होंने कार्यकर्ताओं से कॉलेजों, विद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों से संपर्क कर युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण, संविधान के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय पर्वों के महत्व से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से देशभक्ति की भावना को हर घर तक पहुंचाना भाजपा का उद्देश्य है।
जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने अपने संबोधन में कहा कि 'हर घर तिरंगा' केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि सेवा, सुशासन और 'राष्ट्र प्रथम' की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों और पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बैठकें आयोजित कर अभियान की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यशाला के दौरान अभियान की सफलता के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिला पंचायत अध्यक्ष कमल सिंह दोहरे ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभियान को पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक सौरभ भूषण शर्मा ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री विशाल शुक्ला, यशवीर सिकरवार सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।