Auraiya News: जल जीवन मिशन की समीक्षा, डीएम बृजेश कुमार ने अधूरे कार्य जल्द पूरे करने के दिए निर्देश

Auraiya News: औरैया में जल जीवन मिशन की डीएम बृजेश कुमार ने समीक्षा की। अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

Update:2026-08-07 16:22 IST

Auraiya News(Photo-Social Media)

Auraiya News: औरैया जनपद में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को मिशन के सभी अधूरे कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की बात कही।

बैठक में जल निगम ग्रामीण, कार्यदायी संस्थाओं, थर्ड पार्टी निरीक्षण एजेंसी और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण ने बताया कि जनपद में जल जीवन मिशन फेज-2 एवं फेज-3 के अंतर्गत कुल 375 पाइप पेयजल योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इनमें से 232 योजनाएं पूर्ण होकर संचालित हो चुकी हैं, जबकि 81 योजनाओं पर ट्रायल चल रहा है। शेष 62 योजनाओं का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है।

अधिकारियों ने बताया कि 359 प्रस्तावित ओवरहेड टैंकों में से 342 का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 17 टैंकों पर कार्य जारी है। सभी 412 नलकूपों का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। इसके अलावा 3571 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने के लक्ष्य के मुकाबले 3551 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और शेष 20 किलोमीटर का कार्य जल्द पूरा किया जाएगा।

समीक्षा में यह भी जानकारी दी गई कि जनपद के 768 गांवों में से 708 गांवों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित पेयजल आपूर्ति की जा रही है। वहीं 2,17,903 ग्रामीण परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के लक्ष्य के सापेक्ष 2,14,374 परिवारों को कार्यशील नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। सड़क पुनर्स्थापना का अधिकांश कार्य भी पूरा कर लिया गया है।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने अधूरे निर्माण कार्य, सड़क रेस्टोरेशन तथा शेष पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने थर्ड पार्टी निरीक्षण एजेंसी को नियमित निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कहा। साथ ही 'जल सारथी' ऐप का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर देते हुए कहा कि इसके माध्यम से आमजन जल जीवन मिशन की योजनाओं की वास्तविक समय की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News