Auraiya News: 'आयुष आपके द्वार' योजना के तहत ककरहिया में लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर

Auraiya News: औरैया के ककरहिया गांव में 'आयुष आपके द्वार' योजना के तहत लगे निशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर में 118 मरीजों की जांच कर दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया।

Update:2026-08-03 18:30 IST

'आयुष आपके द्वार' योजना के तहत ककरहिया में लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर (Photo- Newstrack)

Auraiya News: औरैया जनपद के अजीतमल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम ककरहिया में सोमवार को 'आयुष आपके द्वार' योजना के तहत निशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को उनके घर के निकट बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।

आयुष आपके द्वार

शिविर का संचालन राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय हैदरपुर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र वर्मा एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। शिविर के दौरान कुल 118 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद प्रत्येक मरीज को उसकी बीमारी और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार पांच दिन की निशुल्क आयुर्वेदिक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही मरीजों को दवाओं का नियमित सेवन करने और चिकित्सकीय परामर्श का पूरी तरह पालन करने की सलाह दी गई।

डॉ. जितेंद्र वर्मा ने ग्रामीणों को मौसम के अनुरूप स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं। उन्होंने बताया कि गर्मी और बदलते मौसम में संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेना, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना और नियमित दिनचर्या अपनाना कई बीमारियों से बचाव में मददगार होता है। उन्होंने आयुर्वेदिक जीवनशैली के लाभ बताते हुए प्राकृतिक उपायों को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।

आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं

शिविर में सबसे अधिक मरीज त्वचा रोग, उदर रोग, संग्रहणी, हृदय रोग, वात संबंधी बीमारियों तथा श्वास एवं कास (खांसी) जैसी समस्याओं से पीड़ित पाए गए। सभी मरीजों की विस्तार से जांच कर उन्हें रोग के अनुसार परामर्श दिया गया और आवश्यक आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं।

शिविर में दवाओं के वितरण की जिम्मेदारी फार्मासिस्ट राम प्रकाश ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने में ग्राम ककरहिया के ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग किया। वहीं, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय हैदरपुर के समस्त चिकित्सकीय एवं सहायक स्टाफ की भूमिका भी सराहनीय रही। ग्रामीणों ने इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की मांग करते हुए इसे जनहित में बेहद उपयोगी पहल बताया।

Tags:    

Similar News