Auraiya News: मिलावटखोरी पर प्रशासन की कार्रवाई, 15 खाद्य नमूनों की जांच में तीन मिले मानक के विपरीत
Auraiya News: प्रशासन ने मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 खाद्य नमूनों की जांच कराई, जिनमें तीन नमूने मानकों के विपरीत पाए गए।
Auraiya News(Photo-Social Media)
Auraiya News: औरैया में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई और खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच की गई। विभाग ने मौके पर ही मोबाइल प्रयोगशाला के माध्यम से त्वरित परीक्षण भी कराया। जांच के दौरान कुल 15 खाद्य नमूनों में से तीन नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिसके बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास ने अभियान के दौरान देवघाट मंदिर बिधूना और भगत सिंह चौराहा बिधूना स्थित प्रतिष्ठानों से पेड़ा के नमूने एकत्र किए। इसके अलावा बिधूना स्थित मैसर्स लक्ष्मी मिष्ठान भंडार से डोडा बर्फी और पनीर के नमूने भी लिए गए। विभाग ने इन सभी नमूनों को विस्तृत परीक्षण के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूनों में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी अनियमितता की पुष्टि होती है, तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
अभियान के दौरान शासन की ओर से उपलब्ध कराई गई 'फूड सेफ्टी ऑन व्हील' मोबाइल प्रयोगशाला का भी उपयोग किया गया। इस मोबाइल लैब के माध्यम से देवकली मंदिर औरैया तथा देवघाट मंदिर बिधूना क्षेत्र के प्रतिष्ठानों से लिए गए कुल 15 खाद्य नमूनों की मौके पर ही त्वरित जांच की गई। प्रारंभिक जांच में तीन नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के महत्व के बारे में भी जागरूक किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।