Auraiya News: औरैया में चेन स्नैचिंग का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद
Auraiya News: Latest Hindi News | UP Breaking News in Hindi Newstrack
Auraiya News(Photo-Social Media)
Auraiya News: औरैया पुलिस ने चेन स्नैचिंग की एक वारदात का खुलासा करते हुए रविवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक और 15,150 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ औरैया के अलावा जालौन और बांदा में भी चेन स्नैचिंग की कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
मामला 30 जुलाई का है। हजरतपुर, अजीतमल निवासी रघुनन्दन सिंह ने कोतवाली औरैया में तहरीर देकर बताया था कि वह अपनी बहन और बेटी के साथ औरैया आ रहे थे। मिहौली पुल के पास बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक सवार दो युवकों ने उनकी बहन के गले से चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
रविवार दोपहर करीब दो बजे कोतवाली औरैया पुलिस और एसओजी-सर्विलांस की संयुक्त टीम देवकली तिराहा पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जालौन की ओर से बिना नंबर प्लेट की काली अपाचे बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर बाइक सवारों ने रफ्तार बढ़ा दी। पीछा करने के दौरान बाइक फिसलकर सड़क पर गिर गई। पुलिस ने मौके से एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान ज्ञानेन्द्र उर्फ साहिल (21) पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी शीतलपुर, थाना घाटमपुर, कानपुर नगर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने औरैया की घटना के साथ जून में बांदा और 2 जुलाई को जालौन में भी चेन स्नैचिंग करने की बात कबूल की है।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि चेन बेचने से उसे 55 हजार रुपये मिले थे। इनमें से 36 हजार रुपये खर्च कर उसने अपाचे बाइक खरीदी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, दो कारतूस, 15,150 रुपये और बाइक बरामद की है। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार साथी की तलाश जारी है। साथ ही पुलिस जालौन, बांदा और आसपास के जिलों में हुई चेन स्नैचिंग की अन्य घटनाओं से भी आरोपी के कनेक्शन की जांच कर रही है।