Auraiya News: औरैया में मनाई गई पूर्व सांसद फूलन देवी की जयंती, सपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
Auraiya News: औरैया में सपा जिला कार्यालय पर पूर्व सांसद फूलन देवी की जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई। रुक्मणि निषाद समेत सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर संघर्ष व सामाजिक न्याय में योगदान को याद किया।
Auraiya News
Auraiya News: औरैया में समाजवादी पार्टी के ककोर स्थित जिला कार्यालय में सोमवार को पूर्व सांसद फूलन देवी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में सपा महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रुक्मणि निषाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने सैकड़ों सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ फूलन देवी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके संघर्ष और सामाजिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रुक्मणि निषाद ने कहा कि फूलन देवी गरीबों, शोषितों और वंचितों की आवाज थीं। उन्होंने अपने जीवन में अन्याय और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष किया। उनका जीवन महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि फूलन देवी ने विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए समाज के कमजोर और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई।रुक्मणि निषाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी फूलन देवी के संघर्ष और विचारों से प्रेरणा लेकर पिछड़ों, दलितों और महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में फूलन देवी को सम्मान मिला और समाजवादी विचारधारा ने उन्हें लोकसभा तक पहुंचने का अवसर दिया। उन्होंने युवा पीढ़ी से फूलन देवी के संघर्षपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेने और सामाजिक न्याय के लिए आगे आने का आह्वान किया।
जयंती कार्यक्रम के दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। कार्यकर्ताओं ने फूलन देवी के विचारों और संघर्ष को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में समानता और महिलाओं के सम्मान के लिए उनके संघर्ष को याद रखना जरूरी है। इस अवसर पर सपा प्रदेश सचिव रंजना पाल, अंजली अवस्थी, कमलेश तिवारी, भगवती निषाद, स्नेहलता दोहरे, एरवाकटरा की पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुमन दिवाकर, बैकुंठ यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने फूलन देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।