Auraiya News: औरैया जिले में पुलिस ने लौटाई 101 लोगों की खुशियां, 25 लाख के मोबाइल बरामद
Auraiya News: औरैया साइबर थाना पुलिस ने 101 गुम मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए, तकनीकी मदद और सीईआईआर पोर्टल से मोबाइल ट्रेस कर लोगों को बड़ी राहत दी।
औरैया जिले में पुलिस ने लौटाई 101 लोगों की खुशियां, 25 लाख के मोबाइल बरामद (Photo- Newstrack)
Auraiya News: औरैया जिले में मोबाइल फोन गुम होने के बाद उन्हें वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके 101 लोगों के चेहरे पर रविवार को उस समय खुशी लौट आई, जब साइबर थाना पुलिस ने उनके खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिए। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम हुए 101 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया।
गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया गया
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी बिधूना/साइबर के पर्यवेक्षण में साइबर थाना पुलिस की टीम लगातार गुम और खोए मोबाइल फोन की तलाश में जुटी थी। पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस किया।
मोबाइल फोन की तलाश के लिए पुलिस ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल की मदद ली। इसके माध्यम से गुम मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर को ट्रैक कर उन्हें ब्लॉक और बरामद करने की कार्रवाई की गई। तकनीकी टीम की लगातार मेहनत के बाद पुलिस को 101 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली।
रविवार को साइबर थाना पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए। अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए साइबर थाना टीम का आभार जताया।
पुलिस ने कहा - मोबाइल गुम होने पर परेशान न हों, शिकायत दर्ज कराएं
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में परेशान न हों और तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। मोबाइल का बिल, आईएमईआई नंबर, आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र के साथ CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इससे मोबाइल को ब्लॉक कराने और दोबारा इस्तेमाल होने की स्थिति में उसे ट्रेस करने में मदद मिलती है।
पुलिस ने लोगों से अपने मोबाइल फोन में ‘संचार साथी’ एप डाउनलोड करने की भी अपील की है, ताकि मोबाइल गुम होने की स्थिति में उपलब्ध जरूरी सुविधाओं का लाभ लिया जा सके।