Azamgarh News: 10 बेड के ब्लड कलेक्शन रूम का शुभारंभ, रक्तदान का संदेश
Azamgarh News: विश्व रक्तदाता दिवस पर आजमगढ़ जिला अस्पताल में 10 बेड के ब्लड कलेक्शन रूम का उद्घाटन हुआ। डीएम ने रक्तदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताया।
10 बेड के ब्लड कलेक्शन रूम का शुभारंभ, रक्तदान का संदेश (Photo- Newstrack)
Azamgarh News: आजमगढ़ जनपद में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को मंडलीय जिला चिकित्सालय, आजमगढ़ में नवनिर्मित 10 बेड युक्त ब्लड कलेक्शन रूम (रक्तदाता भवन) का शुभारंभ जिलाधिकारी रविंद्र कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर आयोजित रक्तदान कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान अभियान का शुभारंभ किया तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और आवश्यकता पड़ने पर केवल एक रक्तदाता ही किसी व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकती है। इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित अंतराल पर स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विश्व रक्तदाता दिवस उन सभी निःस्वार्थ रक्तदाताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जो बिना किसी स्वार्थ के रक्तदान कर अनगिनत लोगों के जीवन की रक्षा करते हैं। रक्तदान न केवल दूसरों के जीवन को बचाने का माध्यम है, बल्कि यह सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदनशीलता का भी प्रतीक है।
इस अवसर पर रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं स्वैच्छिक रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने सम्मानित व्यक्तियों एवं संस्थाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में जागरूकता बढ़ाने और रक्तदान को जनआंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रक्तदान करें, जीवन बचाएं
विश्व रक्तदाता दिवस वर्ष 2026 की थीम "मानवता की एक बूँद। रक्तदान करें। जीवन बचाएँ" के अनुरूप कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला। बताया गया कि यह वैश्विक दिवस विश्वभर में उन लाखों रक्तदाताओं को सम्मानित करने के लिए मनाया जाता है, जो स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों को नया जीवन प्रदान करते हैं। इस वर्ष की थीम रक्त की प्रत्येक बूंद को मानवता, करुणा और सामाजिक एकजुटता से जोड़ती है तथा लोगों को नियमित एवं सुरक्षित रक्तदान के लिए प्रेरित करती है।
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान से संबंधित जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया तथा उपस्थित लोगों को रक्तदान के लाभों एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया नियमित रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित है तथा इससे अनेक मरीजों की जान बचाई जा सकती है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा, एसआईसी डॉ. सतीश चंद्र कनौजिया,डॉ आर के पासवान, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अनिल कुमार, टेक्निकल सुपरवाइजर सुभाष पांडेय सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, स्वैच्छिक रक्तदाता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।