Baghpat News: स्कॉर्पियो पर जातिसूचक शब्द लिखना पड़ा भारी, डीएम के आदेश पर वाहन सीज, काटा चालान

Baghpat News: बागपत कलेक्ट्रेट परिसर में स्कॉर्पियो पर जातिसूचक शब्द लिखा देखकर डीएम दिव्यांशु पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एआरटीओ विपिन कुमार ने वाहन का चालान कर उसे सीज किया। जुर्माना जमा होने और चेतावनी के बाद गाड़ी छोड़ दी गई।

By :  Paras Jain
Update:2026-11-19 22:17 IST

Baghpat News

Baghpat News: वाहनों पर जातिसूचक शब्द और अनधिकृत संदेश लिखवाकर रौब दिखाने वालों के खिलाफ बागपत प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। ताजा मामला बागपत कलेक्ट्रेट परिसर का है, जहां एक स्कॉर्पियो पर बड़े-बड़े अक्षरों में जातिसूचक शब्द लिखा देखकर जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने मौके पर ही एआरटीओ को बुलाकर वाहन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद परिवहन विभाग की टीम ने वाहन को सीज कर चालान की कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों और फरियादियों की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान जिलाधिकारी की नजर परिसर में खड़ी एक स्कॉर्पियो पर पड़ी। वाहन पर प्रमुखता से जातिसूचक शब्द लिखा हुआ था। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए एआरटीओ विपिन कुमार को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।डीएम के निर्देश पर एआरटीओ टीम मौके पर पहुंची और वाहन स्वामी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 177 के तहत चालान किया। साथ ही वाहन को सीज कर दिया गया। बताया गया कि जुर्माने की राशि जमा कराने और भविष्य में इस तरह की गलती नहीं दोहराने की चेतावनी के बाद वाहन को छोड़ दिया गया।

इस मामले में एआरटीओ विपिन कुमार ने स्पष्ट किया कि वाहनों पर जाति, धर्म, पद अथवा अन्य अनधिकृत संदेश लिखवाना और नियमों के विरुद्ध स्टिकर लगाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे परिवहन नियमों का पालन करें और अपने वाहनों पर किसी भी प्रकार की अनधिकृत लिखावट न कराएं।डीएम दिव्यांशु पटेल की इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों और सरकारी परिसरों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News