Baghpat News: रक्षाबंधन से पहले बागपत में बड़ा एक्शन, दिल्ली जा रही 210 किलो मावे की खेप पकड़ी
Baghpat News: रक्षाबंधन से पहले बागपत में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली जा रही 210 किलो मावे की खेप पकड़ी। 43 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर भी सीज किया गया।
Baghpat News
Baghpat News: रक्षाबंधन के त्योहार से पहले बागपत में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। खाद्य सुरक्षा टीम ने 24 अगस्त की मध्यरात्रि से 25 अगस्त तक जिले के अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर दिल्ली भेजी जा रही 210 किलोग्राम मावे की खेप पकड़ी। अस्वच्छ परिस्थितियों में ले जाए जा रहे मावे में मिलावट की आशंका के चलते उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। वहीं, एक मावा भट्टी से 43 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर भी जब्त कर सीज किया गया।
दिल्ली जा रही 210 किलो मावे की खेप पकड़ी
त्योहारों के दौरान बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थों की सप्लाई रोकने के लिए जिलाधिकारी और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की गई। सबसे बड़ी कार्रवाई टटीरी टोल प्लाजा के पास हुई। टीम ने बड़ौत की ओर से दिल्ली जा रहे आईसर कैंटर संख्या DL 1L-AG 5122 को रोककर जांच की।जांच के दौरान कैंटर में करीब 210 किलोग्राम मावा अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में दिल्ली ले जाते हुए मिला। मावे में मिलावट की आशंका को देखते हुए टीम ने उसके चार विधिक नमूने लिए। इसके बाद करीब 56,700 रुपये कीमत का 210 किलोग्राम मावा मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
मावा भट्टी से 43 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर सीज
इसके बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने बड़ौत तहसील क्षेत्र के बिजवाड़ा गांव में एक मावा भट्टी पर छापेमारी की। यहां नौशाद की मावा भट्टी से स्किम्ड मिल्क पाउडर का विधिक नमूना लिया गया। करीब 43 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर, जिसकी अनुमानित कीमत 12,900 रुपये बताई गई है, को सीज कर दिया गया।कार्रवाई के दौरान टीम ने एक अन्य वाहन को भी संदिग्ध मावा ले जाने के शक में रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि वाहन चालक और मावा भट्टी संचालक ने खाद्य सुरक्षा टीम के साथ अभद्रता की और वाहन को जबरन लेकर फरार हो गए। इस मामले में दोनों के खिलाफ बागपत थाने में संबंधित धाराओं में तहरीर दी गई है।
पांच नमूने जांच के लिए भेजे
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई के दौरान कुल पांच विधिक नमूने लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।रक्षाबंधन से पहले हुई इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।