बागपत: स्वगणना करने पर मिलेगी मुफ्त टैरो रीडिंग, डॉ. सुरभि जैन ने शुरू की अनूठी पहल
Baghpat News: बागपत में जनगणना 2027 की स्वगणना को बढ़ावा देने के लिए ज्योतिषाचार्य डॉ. सुरभि जैन ने मुफ्त टैरो कार्ड रीडिंग की पहल शुरू की है।
Baghpat News: कोई कुंडली में भविष्य तलाश रहा है तो कोई टैरो कार्ड के जरिए आने वाले समय के संकेत जानना चाहता है, लेकिन बागपत की एक ज्योतिषाचार्य ने इसी जिज्ञासा को देश के एक महत्वपूर्ण सरकारी अभियान से जोड़ने का अनूठा रास्ता निकाला है। ज्योतिषाचार्य डॉ. सुरभि जैन ने स्वगणना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए ऐसी पहल की है, जिसकी चर्चा अब स्थानीय स्तर पर हो रही है। उन्होंने घोषणा की है कि उनके पास कुंडली दिखाने आने वाले लोगों को टैरो कार्ड रीडिंग बिल्कुल मुफ्त दी जाएगी। इसके लिए बस उन्हें अपनी स्वगणना का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा और उसका प्रमाण दिखाना होगा।
जिलाधिकारी बागपत दिव्यांशु पटेल की अपील के बाद शुरू हुई इस पहल को सरकारी अभियान में सामाजिक भागीदारी की एक नई मिसाल के रूप में देखा जा रहा है। खास बात यह है कि इसमें लोगों की व्यक्तिगत रुचि को जनहित के एक बड़े उद्देश्य से जोड़ने का प्रयास किया गया है। जहां लोग अपने भविष्य को जानने के लिए ज्योतिष और टैरो कार्ड का सहारा लेते हैं, वहीं अब उन्हें देश की जनगणना में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
डॉ. सुरभि जैन का कहना है कि यह जिला प्रशासन के अभियान में उनकी ओर से एक छोटी-सी सामाजिक भागीदारी है। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब नागरिक जागरूक होंगे और अपनी सही जानकारी उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग कुंडली और टैरो के माध्यम से अपने भविष्य के बारे में जानना चाहते हैं, लेकिन देश का भविष्य बेहतर बनाने में सही जनगणना की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। आज दी गई सही जानकारी आने वाले समय में विकास की योजनाओं को बेहतर बनाने का आधार बनेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वगणना में किसी तरह की लापरवाही न करें और परिवार से संबंधित सही जानकारी दर्ज करें। जनगणना के आंकड़े सरकार को यह समझने में मदद करते हैं कि किस क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क और दूसरी बुनियादी सुविधाओं की कितनी जरूरत है। इसी आधार पर भविष्य की नीतियों और विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने में मदद मिलती है।
देश की पहली डिजिटल जनगणना में बागपत भी शामिल
दरअसल, जनगणना 2027 कई मायनों में ऐतिहासिक है। भारत में पहली बार जनगणना की प्रक्रिया में डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल किया जा रहा है और नागरिकों को स्वयं ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने की सुविधा दी गई है। उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण की जनगणना के तहत 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना की सुविधा उपलब्ध है। नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार की जानकारी खुद दर्ज कर सकते हैं। इस चरण में परिवार और व्यक्तिगत विवरण से जुड़े 40 सवालों के जवाब देने होंगे। सफलतापूर्वक फॉर्म जमा होने के बाद एक यूनिक स्वगणना आईडी मिलेगी, जिसे बाद में घर आने वाले गणनाकर्मी को उपलब्ध कराना होगा। स्वगणना नहीं कराने वाले परिवारों की जानकारी भी गणनाकर्मी घर-घर जाकर एकत्र करेंगे।
जनगणना अधिनियम 1948 के तहत जुटाई गई व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता सुनिश्चित की गई है।इसका उपयोग सांख्यिकीय उद्देश्यों और विकास नियोजन के लिए किया जाता है।डॉ. सुरभि जैन की यह पहल एक संदेश भी दे रही है कि सरकारी योजनाओं को सफल बनाने की जिम्मेदारी सिर्फ प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के हर जागरूक नागरिक की है। भविष्य जानने की उत्सुकता के साथ अगर लोग देश के भविष्य को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी भी निभाएं तो यही सबसे सार्थक भागीदारी होगी। लोगों के बीच अब एक नया संदेश चर्चा में है—पहले स्वगणना, फिर कुंडली और मुफ्त टैरो रीडिंग!