Baghpat News: एक थाली में IAS-IPS की जोड़ी, खुद चखकर परखा मिड-डे मील का स्वाद
Baghpat News: बागपत में डीएम दिव्यांशु पटेल और एसपी पूर्णेन्दु सिंह ने छपरौली के स्कूल का निरीक्षण किया। दोनों ने एक ही थाली में भोजन कर मिड-डे मील की गुणवत्ता परखी।
डीएम-एसपी ने एक थाली में खाया खाना, खुद चखकर परखा मिड-डे मील का स्वाद (Photo- Newstrack)
Baghpat News: सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता परखने के लिए जब जिले के दो बड़े अधिकारी निरीक्षण करने पहुंचे तो नजारा कुछ अलग ही देखने को मिला। जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल और पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह ने सिर्फ रसोई और भोजन की व्यवस्था देखकर औपचारिकता पूरी नहीं की, बल्कि बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन का स्वाद खुद चखा। खास बात यह रही कि मिड-डे मील की गुणवत्ता परखने के दौरान डीएम और एसपी एक ही थाली में भोजन करते नजर आए। IAS और IPS अधिकारियों की एक थाली में भोजन करती इस तस्वीर ने निरीक्षण को खास बना दिया।
दरअसल, जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल और पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह ने ब्लॉक संसाधन केंद्र छपरौली और शहीद सत्यपाल सिंह उच्च प्राथमिक विद्यालय कंपोजिट छपरौली का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विद्यालय में संचालित शैक्षिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति और पठन-पाठन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की पढ़ाई के स्तर और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान जब मिड-डे मील की बारी आई तो डीएम और एसपी ने बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता खुद चखकर परखी। दोनों अधिकारियों का एक ही थाली में भोजन करना इस निरीक्षण का सबसे दिलचस्प और आकर्षक पल बन गया ।
आमतौर पर सरकारी निरीक्षण में अधिकारी व्यवस्थाओं का जायजा लेते दिखाई देते हैं, लेकिन यहां डीएम ने खुद निवाला लेकर भोजन की गुणवत्ता जांची और कप्तान ने भी साथ देकर उसका स्वाद चखा। जिलाधिकारी ने विद्यालय में साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार रखने के निर्देश दिए।
डीएम दिव्यांशु पटेल का यह अंदाज एक सकारात्मक संदेश देता नजर आया कि बच्चों के हिस्से में आने वाले भोजन की गुणवत्ता केवल कागजों में नहीं, बल्कि मौके पर खुद जांचकर सुनिश्चित की जानी चाहिए। एक थाली में डीएम और कप्तान की यह जुगलबंदी अब निरीक्षण की सबसे दिलचस्प तस्वीर बन गई है।