Ballia News: जदयू नेता ने किया दावा- ‘एनडीए की पार्टियां टूटकर आएंगी इंडिया गठबंधन में’

Ballia News: गुरूवार को बलिया शहर के एक निजी होटल में पत्रकारों से बात करते हुए जनता दल यूनाइटेड के उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष अवलेश सिंह ने घोसी उपचुनाव को गेमचेंजर बताया।

Update: 2023-09-07 09:39 GMT

जदयू प्रदेश उपाध्यक्ष अवलेश सिंह  (photo: social media )

Ballia News: जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश उपाध्यक्ष अवलेश सिंह ने दावा किया है कि घोसी उपचुनाव का रिजल्ट आते ही एनडीए से जुड़ी पार्टियां टूटकर इंडिया गठबंधन के साथ आने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि 2024 में भाजपा की विदाई का बिगुल बज चुका है।

उपचुनाव से बदल जाएगी सियासी तस्वीर

गुरूवार को बलिया शहर के एक निजी होटल में पत्रकारों से बात करते हुए जनता दल यूनाइटेड के उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष अवलेश सिंह ने घोसी उपचुनाव को गेमचेंजर बताया। कहा कि घोसी उपचुनाव समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन जीतेगी, बलिया सहित पूरे उत्तर प्रदेश में मिठाइयां बननी भी शुरू हो गई हैं। चुनाव में जीत के बाद लखनऊ सहित पूरे प्रदेशवासियों को मिठाई खिलाई जाएगी।

जदयू नेता का दावा- भाजपा के विधायक इंडिया गठबंधन के संपर्क में

जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश उपाध्यक्ष अवलेश सिंह ने कहा कि घोसी उपचुनाव से ही भारतीय जनता पार्टी की विदाई का बिगुल बज चुका है और 2024 में परिवर्तन होने जा रहा है। अवलेश सिंह ने दावा किया 2024 में इंडिया गठबंधन की सरकार केंद्र में बनने जा रही है और जैसे ही इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी, उसके बाद तुरंत उत्तर प्रदेश में भी परिवर्तन होगा और सैकड़ों विधायक इंडिया गठबंधन के सम्पर्क में हैं। यूपी में भी सरकार बदलेगी और इंडिया गठबंधन की सरकार होगी। जदयू नेता ने कहा कि एनडीए से जुड़ी पार्टियां विपक्ष के साथ इंडिया गठबंधन के साथ आने के लिए तैयार हैं, बहुत जल्द इसका असर भी देखने को मिलेगा। प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि 2024 चुनाव की अधिसूचना जारी होने तक समूचा विपक्ष एक साथ होगा, जो अभी इंडिया गठबंधन से अलग हैं, वो भी चुनाव अधिसूचना जारी होने के बाद इंडिया गठबंधन के साथ आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की असफल नीतियों की वजह से देश की जनता अब इंडिया गठबंधन पर विश्वास जता रही है। आने वाले समय में एनडीए पीछे हो जाएगी और इंडिया गठबंधन के नेतृत्व में देश और प्रदेश में सरकारें बनेंगी।

Tags:    

Similar News