Ballia News: राहुल की भारत जोड़ो यात्रा भीड़ के लिहाज से सफल, लेकिन वोट में तब्दील करना चुनौती, बोले ओम प्रकाश राजभर

Ballia News: राजभर ने दोहराया कि उन्हें कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के जरिए राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में सम्मिलित होने का निमंत्रण मिला था। उन्होंने पार्टी नेताओं से बातचीत के बाद इस यात्रा में शरीक न होने का फैसला किया है।

Update: 2023-01-03 17:15 GMT

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर

Ballia: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने मंगलवार को जिले के रसड़ा में पार्टी के चार मंडल के कार्यकर्ता सम्मेलन के उपरांत संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा उमड़े भीड़ के लिहाज से सफल है, लेकिन भीड़ को वोट के रूप में तब्दील करना बड़ी चुनौती है।

सलमान खुर्शीद के जरिए भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का मिला था निमंत्रण: राजभर

राजभर ने दोहराया कि उन्हें कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के जरिए राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में सम्मिलित होने का निमंत्रण मिला था। उन्होंने पार्टी नेताओं से बातचीत के बाद इस यात्रा में शरीक न होने का फैसला किया है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि भारत के पास अपार ताकत है। सरदार पटेल ने भारत को जोड़ा था । भारत न तो टूटा है और न टूटेगा। नेता टूटकर पाला बदल करते हैं।

ओम प्रकाश राजभर ने कांग्रेस पर कसा तंज

ओम प्रकाश राजभर ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए सवाल किया कि कांग्रेस देश में लंबे समय से सत्ता में रही है। कांग्रेस ने सत्ता संभालते समय प्रेम क्यों नहीं बढ़ाया। जो लोग पहले कांग्रेस को वोट देते थे, आज वहीं भाजपा में हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में मैं झूठ नहीं बोलता हूं। उन्होंने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में गठबंधन न करने के कारण ही कांग्रेस विधानसभा के पिछले चुनाव में एक सीट पर सिमट गई। यह गठबंधन का युग है। भाजपा की सरकार गठबंधन की देन है। गठबंधन के कारण ही सपा उत्तर प्रदेश में 47 सीट से 125 सीट पर पहुंच गई है।

राजनीति में कोई स्थाई दोस्त व दुश्मन नहीं होता: ओम प्रकाश

ओम प्रकाश ने भाजपा से गठबंधन को लेकर पूछे जाने पर कहा कि राजनीति में कोई स्थाई दोस्त व दुश्मन नहीं होता है। किसी ने भी उत्तर प्रदेश में सपा व बसपा, बिहार में नीतीश कुमार व लालू प्रसाद यादव तथा कश्मीर में भाजपा व पीडी के मध्य गठबंधन की कल्पना नहीं की थी। उन्होंने जोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा बहुत मजबूत स्थिति में है। नरेंद्र मोदी को पटखनी देने की ताकत किसी दल में नहीं है।

Tags:    

Similar News