एक टक्कर और पांच जिंदगियां खत्म! बलरामपुर में दर्दनाक हादसे से पसरा मातम

Balrampur Road Accident: उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं।

Update:2026-11-19 08:46 IST

Image Source - Social Media

Balrampur Road Accident: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर अक्सीबड़हरा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

रात करीब 11 बजे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे उतरौला थाना क्षेत्र के अक्सीबड़हरा गांव के पास हुआ। दोनों बाइकों पर कुल सात लोग सवार थे। दुर्घटना में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि सड़क पर पैदल चल रहे लोगों को बचाने के प्रयास में दोनों बाइकें बेकाबू होकर आपस में टकरा गईं। रात में कोहरा भी दुर्घटना की एक संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

हादसे में इन पांच लोगों की गई जान

इस भीषण दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान मोहम्मद फारूक, सलीम, गुफरान, तौफीक और फजल मोहम्मद के रूप में हुई है। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों की उम्र 17 से 23 वर्ष के बीच बताई गई है। हादसे में मुज्जमिल (22 वर्ष) और नाहिद रजा (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों बड़हरा कोट के निवासी बताए जा रहे हैं। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर कर दिया गया। सीएचसी अधीक्षक के मुताबिक, पांच युवकों को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था।

घटनास्थल पर मिलीं क्षतिग्रस्त बाइकें और टूटे हेलमेट

हादसे के बाद घटनास्थल पर दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिलीं। पुलिस को मौके से दो टूटे हुए हेलमेट भी मिले हैं। इसके अलावा सड़क पर एक मृत बकरी भी मिली। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

Tags:    

Similar News