Banda News: महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, कलेक्ट्रेट घेरकर मोदी सरकार पर साधा निशाना

Banda News: बांदा में कांग्रेस ने महंगाई के विरोध में कलेक्ट्रेट घेरकर मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और 7 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

By :  Anwar Raza
Update:2026-05-18 16:02 IST

Banda News(Photo-Social Media)

Banda News: महंगाई की मार से परेशान जनता की आवाज बनकर कांग्रेस ने रविवार को बांदा कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष के आह्वान पर आयोजित प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “महंगाई डायन खाए जात है” और “सोना-चांदी, आटा-तेल, फेल हो गया मोदी का खेल” जैसे नारों से पूरा कलेक्ट्रेट परिसर गूंज उठा।

प्रदर्शनकारियों ने गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल, आटा, दाल और अन्य जरूरी वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार को घेरा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और “सबका साथ, सबका विकास” का नारा केवल जुमला बनकर रह गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित 7 सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी सड़क से लेकर संसद तक उग्र आंदोलन करेगी।

राजेश दीक्षित ने कहा, “आज पूरे उत्तर प्रदेश में जनता सड़कों पर है। गैस सिलेंडर 1200 रुपये के पार पहुंच चुका है, पेट्रोल 100 रुपये से ऊपर बिक रहा है और आटा 40 रुपये किलो हो गया है। गरीब आखिर क्या खाएगा? जनता त्रस्त है और सरकार मस्त है। मोदी सरकार केवल पूंजीपतियों की सरकार बनकर रह गई है।” प्रदर्शन के चलते कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। प्रदर्शनकारी सरकार विरोधी नारे लिखे पोस्टर और तख्तियां लेकर डटे रहे। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

Tags:    

Similar News