Banda News: बांदा में सेढू तलैया नाला निर्माण ठप, नगर पालिका पर लापरवाही और गलत सूचना देने के आरोप
Banda News: बांदा में सेढू तलैया नाले का निर्माण कार्य अधर में लटका। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका पर लापरवाही और गलत सूचना देने के आरोप लगाए।
Banda News(Photo-Social Media)
Banda News: नगर पालिका परिषद की कथित लापरवाही के कारण सेढू तलैया नाले का निर्माण कार्य लंबे समय से अधर में लटका हुआ है। आरोप है कि जिम्मेदार विभाग मुख्यमंत्री कार्यालय और जिलाधिकारी को गलत और भ्रामक जानकारी भेज रहा है, जबकि मौके पर स्थिति बदहाल बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, नगर पालिका परिषद बांदा द्वारा सेढू तलैया नाले के पक्के निर्माण के लिए लगभग 21 लाख रुपये का टेंडर जारी कर ठेकेदार को कार्य आवंटित किया गया था। नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा जून माह से पहले कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन निर्माण विभाग की कथित लापरवाही और संवेदनहीनता के कारण आज तक कार्य शुरू तक नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कभी मोटर लगाकर, कभी मजदूर लगाकर और कभी जेसीबी लगाकर केवल फोटो खिंचवाने तक ही काम सीमित रह गया है, जबकि वास्तविक कार्य नहीं किया गया। लोगों का यह भी कहना है कि नाले की स्थिति को लेकर गलत और भ्रामक रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। सेढू तलैया नाला पिछले दो दशकों से कच्चा पड़ा हुआ है। नाले के पक्का न होने के कारण सेढू तलैया, पोड़ा बाग, हुसैनगंज, हाथी खाना, शंकर नगर, आजाद नगर, लोहिया पुल, गायत्री नगर, परशुराम तालाब और बसंत नगर सहित कई मोहल्लों की लगभग 15 से 20 हजार की आबादी हर वर्ष जलभराव की समस्या से जूझती है।
बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। लोगों के घरों में पानी घुस जाता है, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है और मरीजों को अस्पताल ले जाना मुश्किल हो जाता है। गंदगी और दुर्गंध के कारण क्षेत्र में बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नाले में कई जगह पांच फीट से अधिक सिल्ट जमा है और काली देवी मंदिर के पास पुलिया पूरी तरह चोक है, जिससे श्रद्धालुओं को भी कीचड़ और गंदगी से होकर गुजरना पड़ता है। नाले की जमीन पर अतिक्रमण होने से जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि बारिश के दौरान कई बार बिजली के खंभों में करंट उतरने से हादसे हो चुके हैं, जिससे पशुओं और लोगों की जान भी खतरे में पड़ चुकी है। इसके अलावा घरों में सांप और जहरीले कीड़े घुसने से गंभीर घटनाएं भी हो चुकी हैं।
सेढू तलैया विकास समिति के अध्यक्ष मनबोधन कुशवाहा ने चेतावनी दी है कि यदि 10 जून तक निर्माण कार्य शुरू कर पूरा नहीं किया गया, तो मंडलायुक्त कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। स्थानीय नागरिकों में नगर पालिका की कार्यशैली को लेकर भारी आक्रोश है और वे जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।