Banda News: सांसद कृष्णा पटेल की पहली चुनावी परीक्षा, चुनाव लड़कर भी सपा की मददगार बनी कांग्रेस प्रत्याशी को भाजपाई ब्राम्हणों का समर्थन
Banda News: बबेरू विधानसभा क्षेत्र में भी सपा का परचम फहरा रहा है और बबेरू सांसद कृष्णा पटेल का गृहनगर भी है। कृष्णा के पति शिवशंकर पटेल बबेरू से ही विधायक चुनकर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे हैं।;
Banda News: बबेरू नगर पंचायत अध्यक्ष पद का उपचुनाव सपा के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। अध्यक्ष पद पर सपा का कब्जा था। बबेरू विधानसभा क्षेत्र में भी सपा का परचम फहरा रहा है और बबेरू सांसद कृष्णा पटेल का गृहनगर भी है। कृष्णा के पति शिवशंकर पटेल बबेरू से ही विधायक चुनकर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे हैं। लोकसभा चुनाव में धमाकेदार जीत दर्ज करने वाली कृष्णा की पार्टी के लिए यह पहली चुनावी परीक्षा है। दूसरी ओर आम निकाय चुनाव में कुछ सौ मतों से पिछड़ गई भाजपा उपचुनाव में नए समीकरण के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। इंडी गठबंधन को ताक पर रखकर चुनाव मैदान में कूदी कांग्रेस जाने-अनजाने सपा की ही मददगार बनी है। कांग्रेस के ब्राम्हण उम्मीदवार को भाजपा के खेवनहार बने माननीय और गैर ब्राह्मण नेताओं का समर्थन मिल रहा है। बसपा ने किसी को पार्टी सिंबल नहीं दिया। पर, बसपा के अघोषित उम्मीदवार समेत कुल 10 प्रत्याशी मैदान में डटे हैं। कौन किसका कितना खेल बिगाड़ेगा, कुछ कहा नहीं जा सकता।
भाजपा के सर्व वैश्य फार्मूले से चौकन्ना सपा ने फिर पकड़ी पीडीए की राह
मालूम हो, सपा के टिकट पर बबेरू नगर पंचायत अध्यक्ष चुने गए सूर्यपाल यादव के आकस्मिक निधन से उपचुनाव की नौबत आन पड़ी है। 17 दिसंबर को मतदान होना है। सपा ने सूर्यपाल यादव की विधवा महाबेसिया यादव को उम्मीदवार बनाकर सहानुभूति कार्ड खेला है। लेकिन भाजपा ने पुराने महारथी विजयपाल सिंह के बजाय विवेकानंद गुप्ता पर दांव लगाकर सपा को बैकफुट में धकेलने की कोशिश की है। सर्व वैश्य एकता का नारा बुलंद कर भाजपा बाजी मारने की फिराक में है। इससे चौकन्ना हुई सपा ने एक बार फिर पीडीए की राह पकड़ ली है।
MP कृष्णा और MLA विशंभर ने संभाली कमान, MP बाबूसिंह कुशवाहा भी लगा रहे जोर
सपा संगठन के अलावा बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव और बांदा-चित्रकूट सांसद कृष्णा पटेल ने नगर पंचायत अध्यक्ष चुनाव की संयुक्त कमान संभाल ली है। दोनों दिग्गज सजातीय मतदाताओं को लामबंद करने के साथ पिछड़े और दलित मत जोड़ने में जुटे हैं। बबेरू क्षेत्र के निवासी जौनपुर सांसद बाबूसिंह कुशवाहा भी सपा की जीत सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे। इस सब के चलते सपा खेमा सफलता दोहराने की आस बांधे है।
कृष्णा और शिवशंकर के बरक्स सुनील और अजय आदि क्षत्रपों की होगी पटेलों में पैठ की परख
कांग्रेस का ब्राम्हण उम्मीदवार उतारना जाने-अनजाने सपा को फायदेमंद साबित हो रहा है। ब्राम्हण मतदाता जितना कांग्रेस की ओर झुकेंगे, उतना ही भाजपा को नुक्सान और सपा को फायदा होगा। भाजपा के माननीय गैर माननीय ब्राम्हणों का कांग्रेस उम्मीदवार को गुपचुप समर्थन की खबरें चुनाव को रोचक बना रही हैं। भाजपा का सारा जोर सर्व वैश्य वोटों पर केंद्रित है। सपा सांसद कृष्णा पटेल और उनके पति शिवशंकर पटेल के बरक्स भाजपा के जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल और अजय पटेल आदि कुर्मी नेताओं की सजातीयों में पैठ का सवाल भी उछाला जा रहा है। देखना होगा कि कौन कितना खरा उतरता है।