Bareilly News: बारावफात को लेकर मीरगंज में पीस कमेटी की बैठक, शांतिपूर्ण त्योहार मनाने का दिया भरोसा
Bareilly News: बारावफात को लेकर मीरगंज में पीस कमेटी की बैठक हुई। अधिकारियों ने शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की।
Bareilly News(Photo-Social Media)
Bareilly News: बरेली आगामी बारावफात त्योहार को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को थाना मीरगंज परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्राधिकारी अजय कुमार और उप जिलाधिकारी निधि शुक्ला की मौजूदगी में पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने अंजुमनों के प्रमुखों तथा क्षेत्र के संभ्रांत लोगों के साथ त्योहार को लेकर चर्चा की।
बैठक में निधि शुक्ला ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का संदेश देता है। सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुलिस-प्रशासन ने बैठक में मौजूद अंजुमनों के पदाधिकारियों से जुलूस एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। साथ ही लोगों से अपील की गई कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और निर्धारित नियमों का पालन करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक के दौरान सीओ अजय कुमार ने क्षेत्र में त्योहार को लेकर किसी समस्या, विवाद अथवा अन्य परेशानी के बारे में उपस्थित लोगों से जानकारी ली। अंजुमनों के प्रमुखों और संभ्रांत नागरिकों ने बताया कि त्योहार को लेकर किसी तरह की समस्या नहीं है। सभी ने पुलिस-प्रशासन को सहयोग करने तथा बारावफात का त्योहार हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने का भरोसा दिलाया।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने कहा कि पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेगी और संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने लोगों से आपसी सद्भाव बनाए रखने तथा किसी भी स्थिति में कानून हाथ में न लेने की अपील की। पुलिस-प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच समन्वय के साथ त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर सहमति बनी। इस दौरान थाना प्रभारी रवि कुमार सहित थाना का समस्त स्टाफ मौजूद रहा