Bareilly News: अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल, महिला को 10 लाख रुपये में बेचने का आरोप
Bareilly News: बरेली में महिला ने युवक पर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर धमकाने और रुद्रपुर ले जाकर बंधक बनाने का आरोप लगाया, पुलिस ने जांच शुरू की।
अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल, महिला को 10 लाख रुपये में बेचने का आरोप (Photo- Newstrack)
Bareilly News: बरेली सीबीगंज क्षेत्र में एक महिला ने स्थानीय युवक पर दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देकर उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग को 10 लाख रुपये में बेचने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि रुद्रपुर ले जाकर उसे बंधक बनाया गया और कई लोगों ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। मामले में सीबीगंज पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।
घरों में चौका-बर्तन का काम करती थी महिला
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह गांव में किराये के मकान में रहती है और घरों में चौका-बर्तन का काम करती थी। करीब चार महीने पहले गांव के ही एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे लगातार डराया गया। आरोप है कि इसी वीडियो के जरिए दबाव बनाकर आरोपी ने उसे रुद्रपुर के एक 70 वर्षीय व्यक्ति के हाथों सौंप दिया।
महिला के मुताबिक रुद्रपुर पहुंचने के बाद उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। उसका मोबाइल फोन, जेवर और रुपये भी ले लिए गए। आरोप है कि तमंचा दिखाकर उसे धमकाया जाता था तथा विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। महिला ने कई लोगों पर उसके साथ जबरन यौन उत्पीड़न करने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर सीबीगंज पहुंची और शुक्रवार शाम थाने में तहरीर दी। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि आरोप गंभीर हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। महिला का आरोप है कि आरोपी अब भी उसे तलाश रहे हैं और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे हैं।