Bharat Ratna: भारत रत्न से सम्मानित हुईं चार विभूतियां, सीएम योगी बोले - देश के उत्थान में अविस्मरणीय योगदान

Bharat Ratna: प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, पी.वी. नरसिम्हा राव, कृषि वैज्ञानिक डॉ. एम.एस स्वामीनाथन व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न मिलने पर अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' के जरिए उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं।

Written By :  Rajnish Verma
Update: 2024-03-30 14:09 GMT

Bharat Ratna: सीएम योगी बोले - देश के उत्थान में अविस्मरणीय योगदान (Photo Social Media)

Bharat Ratna 2024 : देश की समृद्धि का रास्ता गांव के खेत एवं खलिहानों से होकर जाता है' के उद्घोषक, पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को मिला 'भारत रत्न' सम्मान राष्ट्र के नव-निर्माण में उनके असाधारण योगदानों का अभिनंदन है। यह बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर कहीं।

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, पी.वी. नरसिम्हा राव, कृषि वैज्ञानिक डॉ. एम.एस स्वामीनाथन व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न मिलने पर अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' के जरिए उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह गांव, गरीब, वंचित, शोषित और किसानों के समग्र उत्थान को समर्पित रहे, उनके अविस्मरणीय कार्यों ने भारतीय राजनीति को उत्कृष्ट लोकतांत्रिक मूल्यों से सुवासित किया।

आर्थिक विकास को मिली नई दशा

मुख्यमंत्री योगी ने पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव को भारत रत्न मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पीवी नरसिम्हा राव जी के कुशल नेतृत्व और लोक-कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से भारत के आर्थिक विकास को नई दिशा प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि भारत को समृद्ध और उन्नत बनाने में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।

किसानों के उत्थान के नए युग की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने लिखा कि महान कृषि वैज्ञानिक, हरित क्रांति के जनक डॉ. एम. एस. स्वामीनाथन जी की दृढ़ प्रतिबद्धता और दूरदर्शिता से देश में कृषि के उत्थान एवं किसानों की समृद्धि व खुशहाली के एक नए युग की शुरुआत हुई।

कर्पूरी ठाकुर को 'भारत रत्न' सम्मान मिलना गौरवपूर्ण क्षण

सीएम योगी ने कहा कि महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री 'जननायक' कर्पूरी ठाकुर जी को मरणोपरांत 'भारत रत्न' से सम्मानित किया जाना एक गौरवपूर्ण क्षण है। 'सामाजिक न्याय' को समर्पित उनका पूरा जीवन भारतीय राजनीति के लिए सदैव एक आदर्श प्रतिमान रहेगा।

बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज (30 मार्च) राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, पी.वी. नरसिम्हा राव, कृषि वैज्ञानिक डॉ. एम.एस स्वामीनाथन और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न सम्मान दिया है।

Tags:    

Similar News