UP BJP News: हटाए जाएंगे भूपेंद्र चौधरी! भाजपा में बूथ स्तर तक बदलाव की तैयारी, इन पर गिरेगी गाज

UP BJP News: जिलाध्यक्षों के अलावा बूथ और मंडल स्तर तक के पदाधिकारियों में बदलाव किए जाएंगे। बदलाव के लिए जातीय समीकरणों का भी ध्यान रखा जा रहा है।

Update:2024-10-22 09:10 IST

UP BJP News (Pic: Social Media)

UP BJP News: उत्तर प्रदेश भाजपा ने संगठन में बदलाव की तैयारी कर ली है। प्रदेश अध्यक्ष से लेकर जिलाध्यक्षों को बदला जा सकता है। पार्टी बूत स्तर तक नए कार्यकर्ताओं को आगे लाना चाहती है। माना जा रहा है कि अगले तीन महीने के भीतर भाजपा प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। कल यानी सोमवार को दिल्ली में संगठनात्मकर चुनाव को लेकर बैठक हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह इस बैठक में शामिल हुए। बैठक में यूपी के संगठन में बदलाव को लेकर रूपरेखा तय की गई। रिपोर्टस के मुताबिक यह प्रक्रिया दिसंबर से शुरु हो सकती है। अपना कार्यकाल पूरा कर चुके प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को हटाकर नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है। साथ ही 98 जिलों में से 40 से ज्यादा जिला और बूथ अध्यक्षों को बदलने की तैयारी है। 

हारी हुई सीटों पर पहले बदलाव

जानकारी के मुताबिक लोकसभा चुनाव में हारी हुई सीटों पर सबसे पहले बदलाव होगा। 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा को महज 33 सीटें मिलीं। खराब प्रदर्शन के बाद अब जिलाध्यक्षों को बदलने की तैयारी है। कहा जा रहा है कि दो से तीन कार्यकाल पूरा कर चुके जिला और महानगर अध्यक्षों को बदला जा सकता है। इनकी सूची भी तैयार कर ली गई है। कई जिलों में अध्यक्षों के अनशासनहीनता की शिकायत के बाद कार्रवाई की जाएगी। यह भी कहा जा रहा है कि हाल ही में हुए सदस्यता अभियान में रुचि न दिखाने वाले पार्टी पदाधिकारियों पर भी गाज गिर सकती है। जिलाध्यक्षों के अलावा बूथ और मंडल स्तर तक के पदाधिकारियों में बदलाव किए जाएंगे। बदलाव के लिए जातीय समीकरणों का भी ध्यान रखा जा रहा है। 

जल्द ही होगा संगठनात्मक चुनाव

कल भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में पार्टी की बैठक हुई। यूपी से सदस्यता अभियान में सबसे ज्यादा सदस्य बनाए जाने पर उन्होंने प्रदेश संगठन की सराहना भी की। बता दें कि प्रदेश में पूर्व केंद्रीय मंत्री व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके डा. महेंद्रनाथ पांडेय के नेतृत्व में सात सदस्यीय चुनाव समिति घोषित हो चुकी है। इस घोषणा के बाद यूपी में संगठन चुनाव की प्रकिया तेज होगी। कहा जा रहा है कि जल्द ही संगठन चुनाव की प्रकिया शुरु हो जाएगी। जानकारी के मुताबिक 25 अक्टूबर तक सभी जिला चुनाव अधिकारियों की घोषणा हो जाएगी। इसके साथ ही मंडल संगठन पर्व सहयोगियों के नाम का भी ऐलान कर दिया जाएगा। 27 अक्टूबर तक चुनाव को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। 5 नवंबर तक जिला स्तरीय कार्यशालाएं होंगी। इसके बाद ही चुनाव होंगे। 


Similar News