मुस्कान की बेरहमी से हत्या, लव, मैरिज और फिर मर्डर, जानें पति की दरिंदगी की पूरी कहानी
Badaun Murder Case: एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गाल पट्टी गांव में रहने वाली 28 साल की मुस्कान पिता की मौत हो जाने के बाद नौटंकी में डांस कर जीवन यापन करती थी।;
badaun news
Badaun Murder Case: उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद का सौरभ राजपूत हत्याकांड काफी सुर्खियों में रहा। इसी बीच अब बदायूं से भी एक सनसनीखेज वारदात की घटना सामने आयी है। यहां उझानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अन्तर्गत गलम पट्टी गांव में बीते फरवरी माह से लापता डांसर मुस्कान की हत्या का खुलासा हो गया है। मुस्कान का मर्डर किसी और ने नहीं बल्कि उसके पति ने ही किया था और शव को खेत के किनारे गड्ढे में दफना दिया था। 40 दिन बाद जब पुलिस हत्यारोपियों को पकड़ा। तब उन्होंने जुर्म की पूरी कहानी बतायी।
नौटंकी में डांस कर जीवन यापन करती थी मुस्कान
घटना के संबंध में एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गाल पट्टी गांव में रहने वाली 28 साल की मुस्कान पिता की मौत हो जाने के बाद नौटंकी में डांस कर जीवन यापन करती थी। इसी दौरान अल्लापुर भोगी गांव के रहने वाले प्रधान पति रिजवान के साथ मुस्कान का प्रेम प्रसंग हो गया। रिजवान पहले से शादीशुदा था। इसके बाद भी उसने बीते चार साल पहले मुस्कान से दूसरा विवाह कर लिया और सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गोलमपट्टी मोहल्ला में रहने लगे। बीते 19 फरवरी को अचानक मुस्कान लापता हो गयी।
घरवालों ने काफी खोजबीन की लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद मुस्कान के मामा नूर हसन ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी। नूर हसन ने मुस्कान के पति रिजवान और उसकी पहली पत्नी ग्राम प्रधान जैनब के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। कई दिनों से रिजवान भी लापता था। पुलिस ने उसकी काफी खोजबीन की। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद आखिरकार रिजवान को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद रिजवान टूट गया और उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। रिजवान ने बताया कि मुस्कान की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को रनऊ गांव के पास सड़क किनारे गड्ढे में दफना दिया था। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो खुदाई के दौरान उन्हें मुस्कान का कंकाल बरामद हुआ। पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुस्कान कर रही थी यह मांग
रिजवान से शादी करने के बाद मुस्कान अलग रह रही थी। मृतका के मामा के मुताबिक रिजवान से निकाह के लगभग एक साल बाद मुस्कान ने बेटे को जन्म दिया था। मुस्कान का बेटा इन दिनों नूर हसन की बहन के पास है। रिजवान उसे हर माह 10 हजार रुपए देता था। लेकिन मुस्कान उससे 40 हजार रुपए हर माह देने की मांग कर रही थी। रुपए को लेकर दोनों के बीच काफी झगड़ा भी होता था।
वहीं मुस्कान रिजवान को अपने साथ रहने का दबाव भी बना रही थी। मुस्कान की मांग से परेशान रिजवान ने उसे रास्ते से हटाने का मन बना लिया। बीते 18 फरवरी को रिजवान स्कूटी पर बैठाकर मुस्कान को नरऊ गांव ले गया। जहां उसने अपने दो दोस्तों राधेश्याम उर्फ हलवाई और रामऔतार को 70-70 हजार रुपए देकर मुस्कान की गला घोंटकर हत्या करवा दी और फिर शव को सड़क किनारे गड्ढे में दफना दिया।
हत्या के बाद चला गया था जेल
मुस्कान की हत्या के बाद रिजवान ने खुद को बचाने का अनोखा रास्ता निकाला। उसने एक पुराने मामले में कोर्ट से जमानत रद्द करा ली और जेल चला गया। लगभग 27 दिन जेल में रहने के बाद वह फिर बाहर आ गया। ताकि किसी को भी शक न हो। लेकिन उसका अपराध ज्यादा दिनों तक छिप नहीं पायीं।