बृजभूषण का दबदबा बरकरार! शाही जन्मदिन में ढाई करोड़ का घोड़ा मिला, 5 लाख का हुजूम उमड़ा, जानें सबकुछ
Brij Bhushan Sharan Singh Birthday: बृजभूषण शरण सिंह के जन्मदिन पर सबसे ज्यादा चर्चा उस उपहार की हो रही है जो हरियाणा से आया है। हरियाणा के कंवर रवि चौहान ने पूर्व सांसद को 2.5 करोड़ रुपये की कीमत का एक घोड़ा गिफ्ट किया है। बताया जा रहा है कि यह घोड़ा विशेष रूप से लंदन से लाया गया है।
Brij Bhushan Sharan Singh Birthday: भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष पूर्व सांसद, भाजपा के बाहुबली नेता बृजभूषण शरण सिंह का जन्मदिन गोंडा में एक भव्य उत्सव के साथ मनाया जा रहा है। शक्ति प्रदर्शन और समर्थकों के अटूट प्रेम के बीच जश्न ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके एक समर्थक ने उन्हें ढाई करोड़ रुपये की कीमत का बेशकीमती घोड़ा उपहार में दिया है।
हरियाणा से आया ढाई करोड़ का शाही तोहफा
बृजभूषण शरण सिंह के जन्मदिन पर सबसे ज्यादा चर्चा उस उपहार की हो रही है जो हरियाणा से आया है। हरियाणा के कंवर रवि चौहान और उनकी पत्नी संगीता ने पूर्व सांसद को 2.5 करोड़ रुपये की कीमत का एक घोड़ा गिफ्ट किया है। बताया जा रहा है कि यह घोड़ा विशेष रूप से लंदन से लाया गया है, इसकी नस्ल व कद-काठी बेहद दुर्लभ है। गौरतलब है कि बृजभूषण शरण सिंह को घोड़ों का खासा शौक है। इससे पहले भी उन्हें डेढ़ करोड़ रुपये का एक घोड़ा उपहार स्वरूप मिल चुका है। इस बार के 'लंदन रिटर्न' घोड़े ने सबको हैरान कर दिया है।
5 लाख लोगों का भोज और 1200 रसोइए
इसे समर्थक अपने नेता के प्रति निष्ठा और सम्मान का प्रतीक मान रहे हैं। जन्मदिन के अवसर पर गोंडा स्थित उनके आवास और आयोजन स्थल पर जनसैलाब उमड़ पड़ा है। आयोजन समिति के अनुसार लगभग 5 लाख लोगों के लिए भोजन (प्रसाद) की व्यवस्था की गई है। विशाल भंडारे को तैयार करने के लिए 1200 से अधिक हलवाई और रसोइए दिन-रात काम कर रहे हैं। खाने की शुद्धता पूरा ध्यान रखा गया है। जिसमें व्यंजनों के साथ-साथ विशेष मिठाइयों का भी इंतजाम है। राजनीतिक रसूख के साथ-साथ बृजभूषण शरण सिंह का संतों के बीच गहरा प्रभाव है।
समर्थकों का जमावड़ा और शक्ति प्रदर्शन
उनके जन्मदिन पर आशीर्वाद देने के लिए अयोध्या से लगभग 2000 आचार्य और साधु-संत उनके आवास पहुंचे हैं। मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच संतों ने उन्हें दीर्घायु होने का आशीर्वाद दिया। इस दौरान पूरा माहौल भक्तिमय और केसरिया रंग में रंगा नजर आया। राजनीतिक गलियारों में इस भव्य आयोजन को एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश और हरियाणा समेत कई राज्यों से हजारों की संख्या में समर्थक गाजे-बाजे के साथ पहुंचे हैं। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि इतने बड़े जमावड़े को नियंत्रित किया जा सके।