Bharat Ratna: आडवाणी के बाद अब कांशीराम को भारत रत्न देने की उठी मांग, आकाश आनंद बोले- केंद्र सरकार जल्द उठाए कदम

Bharat Ratna: बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनन्द ने कहा कि देश के करोड़ों दलितों, शोषितों और अल्पसंख्यक समाज को राजनीतिक ताकत देने वाले, सामाजिक परिवर्तन के महानायक मान्यवर कांशीराम साहब को जल्द से जल्द भारत सरकार भारत रत्न सम्मान से सम्मानित करे।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-02-04 03:49 GMT

कांशीराम, मायावती और उनके भतीजे आकाश आनंद (सोशल मीडिया)

Bharat Ratna: भाजपा के वरिष्ठ नेता और देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित करने के फैसले के बाद अब बसपा संस्थापक कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग उठने लगी है। बसपा मुखिया मायावती के भतीजे और पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने मांग की है कि देश के दलितों, शोषितों और अल्पसंख्यकों को राजनीतिक ताकत देने वाले काशीराम को भारत रत्न सम्मान देने के लिए केंद्र सरकार को पहल करनी चाहिए। बसपा मुखिया मायावती भी पहले यह मांग कर चुकी हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजे जाने की घोषणा की थी, जिसके बाद बसपा ने यह मांग रखी है। इससे पहले मोदी सरकार ने सामाजिक न्याय के पुरोधा और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भी भारत रत्न देने का ऐलान किया था।

दलितों को कांशीराम ने दी राजनीतिक ताकत

बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनन्द ने 'एक्‍स' पर एक पोस्‍ट में कहा कि देश के करोड़ों दलितों, शोषितों और अल्पसंख्यक समाज को राजनीतिक ताकत देने वाले, सामाजिक परिवर्तन के महानायक मान्यवर कांशीराम साहब को जल्द से जल्द भारत सरकार भारत रत्न सम्मान से सम्मानित करे। आकाश आनन्द ने कहा कि सामाजिक और आर्थिक तौर पर देश के लोगों को सशक्त करने में कांशीराम का योगदान अतुलनीय है।

देश में जल्द होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आकाश आनंद की इस मांग को सियासी नजरिए से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है यहां यह भी उल्लेखनीय है कि आकाश आनंद को बसपा मुखिया मायावती ने अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी घोषित कर रखा है।

कांशीराम को देश के दलितों में राजनीतिक और सामाजिक चेतना जागृत करने का श्रेय दिया जाता रहा है। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी की स्थापना की थी जो बाद में बड़ी राजनीतिक ताकत बन गई। 2006 में बसपा के संस्थापक कांशीराम का निधन हो गया था।

मायावती ने भी की थी मांग

बसपा की इस मांग को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि मोदी सरकार ने हाल में सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वाले कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की घोषणा की थी। मोदी सरकार के इस ऐलान को भी सियासी नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना गया था क्योंकि बिहार में आज भी कर्पूरी ठाकुर की लोकप्रियता बरकरार है। कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने की घोषणा के बाद भाजपा मुखिया मायावती ने भी कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग की थी। उनका भी कहना था कि केंद्र सरकार को जल्द से जल्द इस दिशा में कदम उठाना चाहिए।

आडवाणी को भारत रत्न देने का फैसला

कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने के ऐलान के कुछ समय बाद ही शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर अपनी पोस्ट में लालकृष्ण आडवाणी को को भारत रत्न दिए जाने की जानकारी दी थी। उन्होंने आडवाणी को देश के सबसे सम्मानित राजनेताओं में बताते हुए लिखा था कि देश के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय है।

आडवाणी को भारत रत्न का सम्मान दिए जाने के ऐलान का रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा के तमाम मंत्रियों और शरद पवार समेत विपक्ष के कई नेताओं ने भी स्वागत किया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के बाद आडवाणी यह सम्मान पाने वाले भाजपा के दूसरे नेता हैं। अयोध्या में भव्य राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेता रहे आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने के फैसले को काफी अहम माना जा रहा है।

Tags:    

Similar News