Bulandshahr News: गुलावठी में तेज रफ्तार कार ने बाइक में मारी टक्कर, एक की मौत, एक घायल

Bulandshahr News: बुलंदशहर के गुलावठी में हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Update:2026-08-16 21:29 IST

Bulandshahr News

Bulandshahr News: गुलावठी कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर रविवार को तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार सवार मौके पर कार छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गुलावठी क्षेत्र के मिट्ठेपुर गांव निवासी सुहेल पुत्र सफिया अपने जीजा साहिल के साथ बाइक से किसी काम से जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर सामने से आ रही तेज रफ्तार वैगनआर कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार जीजा-साला उछलकर सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरे।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल दोनों युवकों को तालाब से बाहर निकाला और उपचार के लिए गुलावठी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने साहिल, निवासी कोल, मेरठ को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सुहेल का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही गुलावठी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद कार छोड़कर फरार हुए चालक और उसमें सवार अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वैगनआर कार को कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।बताया जा रहा है कि साहिल अपने रिश्तेदार के घर आया हुआ था। हादसे की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी निगरानी और यातायात नियमों के पालन की मांग की है।

Tags:    

Similar News