Chandauli: चंदौली के गजधरा हत्याकांड में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, शुरुआती पुलिस कार्रवाई पर उठे थे सवाल
Chandauli News: चंदौली के चर्चित गजधरा हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कोमल तिवारी की हत्या के बाद पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठ रहे थे, लेकिन अब विशेष टीमों ने आरोपी को दबोच लिया है।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जनपद के शहाबगंज थाना क्षेत्र के चर्चित गजधरा हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश के बाद कार्रवाई तेज की गई और गठित विशेष टीमों ने आरोपी को दबोचने में सफलता हासिल की। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे ने राहत की सांस ली है, वहीं पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है।
बताया जा रहा है कि गजधरा गांव निवासी कोमल तिवारी पर कुछ दिनों पहले जानलेवा हमला किया गया था। घटना के पीछे शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी को वजह बताया जा रहा है। चर्चा है कि आरोपी ने कोमल की पत्नी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी, जिसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने गडासे से कोमल तिवारी के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद परिजन आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान कोमल तिवारी ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया था और परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल का दौरा किया था और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। आखिरकार पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।हालांकि, मृतक के परिजनों का आरोप है कि शुरुआती दौर में शहाबगंज पुलिस मामले को हल्के में लेकर लीपापोती करने में जुटी रही, जिससे आरोपी को भागने का मौका मिला। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है। पूरे मामले को लेकर इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।