Chandauli: स्मार्ट मीटर को लाकर महिलाओं का फूटा गुस्सा, एक्सियन कार्यालय पर किया प्रदर्शन
Chandauli:
Chandauli News (Social Media)
Chandauli: चंदौली जनपद के सकलडीहा क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में महिलाओं का गुस्सा बुधवार को सड़कों पर देखने को मिला। दरियापुर गांव की दर्जनों महिलाओं ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों का घेराव किया।
सुबह बड़ी संख्या में महिलाएं पहले स्थानी पावर हाउस पर पहुंचीं, जहां उन्होंने स्मार्ट मीटर हटाने और पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर विरोध जताया। इसके बाद महिलाओं का समूह नारेबाजी करते हुए विद्युत वितरण खंड कार्यालय पहुंचा, जहां अधिशासी अभियंता नरेश कुमार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने विभाग पर मनमानी और उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अचानक बढ़ोतरी हो गई है, जिससे ग्रामीण परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उनका आरोप था कि पहले जहां सामान्य बिल आता था, वहीं अब कई गुना ज्यादा बिल भेजा जा रहा है, जिसे जमा करना आम परिवारों के लिए मुश्किल हो गया है।
महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि मामूली बकाया होने पर भी बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली आपूर्ति काट दी जाती है, जिससे घरों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर गर्मी के मौसम में बिजली कटौती से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ रही है।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने साफ कहा कि उन्हें स्मार्ट मीटर व्यवस्था स्वीकार नहीं है और गांव में पुराने मीटर ही दोबारा लगाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और प्रशासन की होगी।
फिलहाल महिलाओं के प्रदर्शन को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है, वहीं विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेकर शिकायतों की जांच का भरोसा दिया है।