Chandauli News: फर्जी मुकदमा दिखाकर जिला बदर कराने का आरोप, ग्रामीणों ने दिया धरना
Chandauli News: चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र में राधेश्याम राजभर को कथित फर्जी मुकदमे में जिला बदर किए जाने के आरोप पर ग्रामीणों ने धरना दिया।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जनपद में जिला बदर की कार्रवाई को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। बलुआ थाना क्षेत्र के कांधी गांव निवासी राधेश्याम राजभर के परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला मुख्यालय स्थित धरना स्थल पर प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाकपा माले के कार्यकर्ताओं के साथ धरना देकर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
धरने पर बैठे पीड़ित के भतीजे रंजीत राय का आरोप है कि राधेश्याम राजभर को साजिश के तहत फर्जी तरीके से जिला बदर कराया गया है। उनका कहना है कि प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान महागांव निवासी राधेश्याम यादव से जुड़े मुकदमे को राधेश्याम राजभर के नाम से जोड़ दिया, जिसके आधार पर जिला बदर की कार्रवाई की गई। परिजनों ने इसे प्रशासनिक लापरवाही ही नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश करार दिया है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने भाजपा के एक मंडल अध्यक्ष पर भी गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि ग्राम प्रधान चुनाव की राजनीतिक रंजिश के चलते उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। आरोप है कि राजनीतिक विद्वेष के कारण प्रभावशाली लोगों ने प्रशासनिक स्तर पर दबाव बनाकर यह कार्रवाई कराई है, ताकि राधेश्याम राजभर और उनके परिवार को सामाजिक एवं राजनीतिक रूप से कमजोर किया जा सके।
धरना दे रहे ग्रामीणों ने डीएम को पत्रक देते हुए मांग किया की यदि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी। उनका दावा है कि जिस मुकदमे को आधार बनाकर जिला बदर की कार्रवाई की गई है, उसका राधेश्याम राजभर से कोई संबंध नहीं है।परिजनों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिला बदर की कार्रवाई तत्काल निरस्त की जाए। वहीं धरना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा।