Chandauli News: नौगढ़ में बारिश से कूड़ा राजवाहा उफनाया, नहर किनारे टूटने से 33 KV बिजली आपूर्ति ठप

Chandauli News: चंदौली के नौगढ़ में भारी बारिश से कूड़ा राजवाहा नहर उफान पर आ गई। किनारा टूटने से 33 KV बिजली आपूर्ति 4 घंटे ठप रही।

Update:2026-08-25 14:07 IST

Chandauli News(Photo-Social Media)

Chandauli News: जिले के नौगढ़ विकासखंड क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के कारण क्षेत्र के सभी नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। इसी क्रम में कूड़ा राजवाहा नहर में पानी का बहाव क्षमता से अधिक होने के कारण नहर कई स्थानों पर किनारे तोड़कर बहने लगी। नहर के कटान की वजह से उसके किनारे गड़े विद्युत विभाग के कई खंभे (पोल) जमीन धंसने के कारण गिरने की कगार पर पहुंच गए, जिसके चलते क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।

तीन स्थानों पर पोल गिरने का खतरा, काटी गई बिजली

नहर के तेज बहाव और कटान के कारण तीन अलग-अलग स्थानों पर बिजली के पोल पूरी तरह से झुक गए और कभी भी गिरने की स्थिति में आ गए। स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत इसकी सूचना बिजली विभाग को दी। किसी बड़े हादसे और अप्रिय घटना से बचने के लिए विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पसही से आने वाली 33 KV की मुख्य विद्युत आपूर्ति को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया।

खराब मौसम के बीच लाइनमैनों ने की 'पोल टू पोल' पेट्रोलिंग

सप्लाई बंद होने के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभागीय अधिकारियों कमलेश ने चकरघट्टा क्षेत्र के सभी लाइनमैनों को अलर्ट पर रखा। कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जब तक 33 KV लाइन पूरी तरह ठीक होकर होल्ड न हो जाए, तब तक कोई भी कर्मचारी घर नहीं जाएगा। कर्मचारियों ने लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के बीच जोखिम उठाकर 'पोल टू पोल' गश्त (पेट्रोलिंग) की और फॉल्ट को दूर करने का काम शुरू किया।

4 घंटे की मशक्कत के बाद बहाल हुई आपूर्ति

खराब मौसम और लगातार बारिश के कारण मरम्मत के कार्य में कर्मचारियों को भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। लगभग 4 घंटे से अधिक समय तक आपूर्ति ठप रहने के बाद दोपहर करीब 1:28 बजे पोलों को दुरुस्त कर मरम्मत कार्य पूरा किया गया। इसके बाद पसही से 33 KV सप्लाई को पुनः चालू कर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल की गई, तब जाकर क्षेत्रीय ग्रामीणों और उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।

Tags:    

Similar News