Chandauli News: चर्चित व्यापारी के हत्या व लूट के तीन आरोपी हुए बरी,अधिवक्ता ने बताया न्याय की हुई जीत
Chandauli News: चंदौली के चर्चित व्यापारी लूट और हत्या मामले में अदालत ने सबूतों के अभाव में तीन आरोपियों को बरी कर दिया।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जनपद के बहुचर्चित व्यापारी लूट और हत्या कांड में अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम की अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए तीन आरोपियों को बरी कर दिया। न्यायालय ने साक्ष्य और सबूतों के अभाव में आरोपी विनीत यादव उर्फ रुद्र प्रताप यादव, शिवम सिंह तथा नसीम उर्फ झब्बाल अंसारी को दोषमुक्त करार देते हुए राहत प्रदान की। अदालत ने इस मामले में नैनी जेल में बंद विनीत यादव को तत्काल रिहा करने का भी आदेश जारी किया। वहीं अन्य दो आरोपी पहले से ही जमानत पर जेल से बाहर चल रहे थे।
बताया गया कि यह चर्चित घटना 10 अगस्त 2019 की रात करीब 10 बजकर 20 मिनट की है। व्यापारी महेंद्र कुमार रस्तोगी वाराणसी से अपने घर कमालपुर ब्रेजा गाड़ी से लौट रहे थे। इसी दौरान सकलडीहा थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव के समीप बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। आरोप है कि बदमाशों ने व्यापारी की हत्या करने के बाद उनकी ब्रेजा कार तथा अन्य सामान भी लूट लिया था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई लोगों को आरोपी बनाया था।
पुलिस जांच के दौरान विनीत यादव उर्फ रुद्र प्रताप यादव, शिवम सिंह, इमरान अंसारी उर्फ अहमद तथा नसीम उर्फ झब्बाल अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। हालांकि मुकदमे की सुनवाई के दौरान अदालत में प्रस्तुत किए गए साक्ष्य और गवाह आरोप सिद्ध करने के लिए पर्याप्त नहीं पाए गए। इसी आधार पर अदालत ने तीन आरोपियों को बरी कर दिया।
वहीं इस मामले का एक आरोपी इमरान अंसारी उर्फ अहमद अभी भी फरार बताया जा रहा है। फैसले के बाद आरोपियों के अधिवक्ता राजेश सिंह तथा परिजनों ने खुशी जाहिर करते हुए न्यायालय के प्रति आभार व्यक्त किया।