Chandauli News: आधी रात सिलेंडर विस्फोट से दहला चंदौली, मकान ध्वस्त, चार गंभीर घायल
Chandauli News: चंदौली के चकनौदर गांव में आधी रात गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। विस्फोट में मकान ध्वस्त हो गया और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत चकनौदर गांव में बीती आधी रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करकट के मकान में रखा गैस सिलेंडर अचानक भीषण विस्फोट के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि मकान के परखच्चे उड़ गए और आवाज करीब तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी भरत यादव और लालव्रत यादव, पुत्र अदालत यादव, के मकान आपस में सटे हुए हैं। भरत यादव के करकट से बने मकान में घरेलू गैस सिलेंडर रखा था, जो देर रात अचानक विस्फोट कर गया। विस्फोट के कारण पूरा मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घर में रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय परिवार के लोग घर के आसपास मौजूद थे, जिससे चीख-पुकार मच गई।
हादसे में लालव्रत यादव की पत्नी सकुंतला देवी, उनके पुत्र शुभम यादव और शिवम यादव के साथ भरत यादव के पुत्र राहुल यादव एवं जोगिंदर यादव घायल हो गए। सभी घायलों को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियां ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वर्तमान में सभी घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
विस्फोट की चपेट में आने से आसपास बंधे पशुओं को भी हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद पीड़ित परिवार का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है। पीड़ित परिवार भी राहत की उम्मीद में प्रशासन की ओर टकटकी लगाए हुए है।