Chandauli News: देश के पहले प्रधान मंत्री के आदर्शो का गुड़गान कर कांग्रेसियों ने मनाई पुण्यतिथि
Chandauli News: देश के पहले प्रधानमंत्री की पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों और विचारों को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और कार्यक्रम आयोजित किया।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: चंदौली जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बुधवार को कांग्रेस कार्यालय चंद्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन में देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस जनों ने पंडित नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू आधुनिक भारत के निर्माता थे। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद जब भारत विकास की राह तलाश रहा था, तब पंडित नेहरू ने देश को मजबूत आधारभूत संरचना देने का कार्य किया। उन्होंने देश में आईआईटी, आईआईएम, एम्स, विश्वविद्यालयों, बड़े बांधों और वैज्ञानिक संस्थानों की स्थापना कर आधुनिक भारत की नींव रखी। उन्होंने कहा कि भारत के विकास में नेहरू जी का योगदान अतुलनीय है और देश हमेशा उनके योगदान को याद रखेगा।
अरुण द्विवेदी ने कहा कि पंडित नेहरू का मानना था कि “विफलता तभी होती है, जब हम अपने आदर्शों, उद्देश्यों और सिद्धांतों को भूल जाते हैं।” उन्होंने कहा कि नेहरू जी ने अपने पूरे जीवन में लोकतंत्र, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का कार्य किया। आजादी की लड़ाई में उन्होंने करीब नौ वर्ष जेल में बिताए और देश की स्वतंत्रता के लिए निरंतर संघर्ष किया। उन्होंने देश के प्रत्येक नागरिक को भारत माता का स्वरूप मानते हुए गरीब, पीड़ित और जरूरतमंद लोगों की सेवा को ही सच्ची राष्ट्र सेवा बताया।
कार्यक्रम में मती मधु राय, तौफीक खान, गंगा प्रसाद, समर बहादुर सिंह, गुलाब राम, बदरूद्वजा अंसारी, विजय कुमार सिंह, रामौतार यादव, श्रीकांत पाठक, जुगल किशोर, इंद्रजीत मिश्रा, राकेश सिंह, राकेश पाठक, मिठाई राम, संजय मिश्रा, संतोष चौबे, पंकज तिवारी और श्लोक तिवारी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सह प्रवक्ता शिवेंद्र मिश्रा ने किया।