Chandauli News: अमीर बनने की शौक में छात्रों ने की थी मुनीब से लूट,नगदी के साथ चार गिरफ्तार
Chandauli News: जल्दी अमीर बनने की चाह में छात्रों ने मुनीब से लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नगदी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: चंदौली पुलिस ने पड़ाव-भोजपुर मार्ग पर हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का सफल खुलासा करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह रही कि गिरफ्तार सभी आरोपी छात्र हैं, जिन्होंने जल्द अमीर बनने और अपने शौक पूरे करने के लिए लूट की योजना बनाई थी। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से ₹60 हजार नगद, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और पीड़ित का लूटा गया बैग बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना मुगलसराय पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और साइबर सेल की संयुक्त टीम लगातार अपराधियों की तलाश में जुटी थी। मामले में करीब 25 किलोमीटर क्षेत्र में लगे 70 सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम चौरहट स्थित ओ.पी. गार्डेन के सामने घेराबंदी कर चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में आर्यन श्रीवास्तव निवासी सीर गोवर्धन वाराणसी, शिवांग पाण्डेय निवासी महमूरगंज वाराणसी, मोहम्मद तारिक अंसारी उर्फ आर्यन निवासी कैमूर बिहार हाल पता सामनेघाट वाराणसी तथा देव सरकार उर्फ दयाल निवासी ढेलाबीर टिकरी वाराणसी शामिल हैं। बताया गया कि 21 मई 2026 को वाराणसी निवासी महताब अहमद, जो एक फर्म में मुनीब का कार्य करते हैं, विभिन्न दुकानदारों से लगभग ₹1.34 लाख की वसूली कर वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान ग्राम चौरहट के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि अभियुक्तों को मुनीब के मूवमेंट की सटीक जानकारी उनके ही परिचित आकाश यादव ने दी थी, जो स्वयं वसूली का कार्य करता है। इसी सूचना के आधार पर सभी ने रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी दोबारा किसी अन्य व्यक्ति को लूटने की फिराक में थे, तभी गिरफ्तार कर लिए गए। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।