Chandauli News: बैरिकेडिंग हटाने की सुगबुगाहट पर भड़के व्यापारी, एसपी को सौंपा ज्ञापन,दी चेतावनी
Chandauli News: बैरिकेडिंग हटाने की चर्चा से व्यापारियों में नाराजगी फैल गई। उन्होंने एसपी को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की मांग की तथा चेतावनी भी दी।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: चंदौली में बलुआ और सैदपुर घाट मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन को रोकने के लिए लगाए गए बैरिकेडिंग को हटाने की चर्चा के बीच व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई है। इस मुद्दे को लेकर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और विभिन्न बाजारों के व्यापारियों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और बैरिकेडिंग को यथावत बनाए रखने की मांग की।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि के नेतृत्व में सकलडीहा अध्यक्ष कृष्ण सेठ, चहनिया अक्ष्यक्ष शतीश गुप्ता और कमालपुर क्षेत्र के व्यापारी और पदाधिकारियों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे। व्यापारियों का कहना था कि चंदौली से सैदपुर घाट तक स्टेट हाईवे के निर्माण का कार्य अभी जारी है। ऐसे में यदि भारी वाहनों के लिए मार्ग खोल दिया गया तो निर्माण कार्य प्रभावित होने के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाएगी।
व्यापारियों ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान भारी वाहनों के आवागमन से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह तैयार नहीं हुई है, जिसके कारण बड़े वाहनों की आवाजाही से जाम, धूल और दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। उनका कहना था कि जनहित को देखते हुए निर्माण कार्य पूरा होने तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक जारी रहनी चाहिए।
व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि बैरिकेडिंग हटाकर भारी वाहनों को मार्ग पर चलने की अनुमति दी गई तो व्यापारी संगठन आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल व्यापारियों का नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता की सुरक्षा और सुविधा का विषय है। ज्ञापन सौंपने के दौरान व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि सड़क निर्माण पूर्ण होने तक वर्तमान व्यवस्था को बरकरार रखा जाए। व्यापारियों के अनुसार पुलिस अधीक्षक ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और जनहित को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य पूरा होने तक बैरिकेडिंग नहीं हटाने का आश्वासन दिया। एसपी के इस आश्वासन के बाद व्यापारियों ने संतोष व्यक्त किया, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले पर उनकी नजर बनी रहेगी और किसी भी बदलाव की स्थिति में वे आगे की रणनीति तय करेंगे।