Chandauli News: नौगढ़ के स्कूलों में मचा हड़कंप: SDM के अचानक निरीक्षण से शिक्षा विभाग में खलबली

Chandauli News: एसडीएम ने मध्य कंपोजिट विद्यालय मझगांवा नई बस्ती, प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय मझगावां, प्राथमिक विद्यालय तेंदुआ और चौबे राम नाथ इंटर कॉलेज, मझगावां का दौरा किया।

Update:2025-05-02 17:18 IST

Chandauli SDM Alok Kumar  (photo: social media )

Chandauli News: जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से उप जिलाधिकारी आलोक कुमार ने आज सुबह अचानक स्कूलों का निरीक्षण किया। उनके इस कदम से ग्रामीण इलाकों के विद्यालयों में हड़कंप मच गया। एसडीएम ने प्रातः 8:30 बजे से 10:00 बजे के मध्य कंपोजिट विद्यालय मझगांवा नई बस्ती, प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय मझगावां, प्राथमिक विद्यालय तेंदुआ और चौबे राम नाथ इंटर कॉलेज, मझगावां का दौरा किया।

निरीक्षण के दौरान कंपोजिट विद्यालय मझगांवा नई बस्ती में तीन शिक्षामित्र - आजाद सिंह, उषा देवी और ममता - बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस लापरवाही के सामने आने से शिक्षा विभाग में खलबली मच गई है। वहीं दूसरी ओर, एसडीएम को अन्य चार विद्यालयों में सभी शिक्षक शिक्षण कार्य में संलग्न मिले। हालांकि, उन्होंने विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति कम होने पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने अध्यापकों को निर्देश दिया कि वे अभिभावकों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क करें और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें। इसके साथ ही, उन्होंने इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।


अनुपस्थित शिक्षा मित्रों पर होगी सख्त कार्रवाई

उप जिलाधिकारी ने अनुपस्थित शिक्षामित्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने बताया कि इन शिक्षकों का वेतन तत्काल प्रभाव से बाधित किया जाएगा और उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखा जाएगा। एसडीएम आलोक कुमार ने स्पष्ट किया कि इस औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना और अध्यापकों की उपस्थिति को सुनिश्चित करना है, ताकि नौगढ़ के शिक्षा तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।



Tags:    

Similar News