चंद्रशेखर बनेंगे सीएम तो 'अब्दुल' क्या करेगा? नए गठबंधन से यूपी में सियासी पारा हाई, लखनऊ में गरजे ओवैसी
लखनऊ में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की महारैली में चंद्रशेखर आजाद ने ऐलान किया कि यूपी में 'अब्दुल' डिप्टी सीएम बनेगा।
UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से सियासी बिसात बिछने लगी है। इसी कड़ी में नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के मुखिया चंद्रशेखर आजाद ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के साथ लखनऊ में अपनी ताकत दिखाई। दोनों नेताओं ने अपने गठबंधन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ की। इस दौरान चंद्रशेखर आजाद ने मंच से बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि यूपी में ‘अब्दुल’ डिप्टी सीएम बनेगा।
उन्होंने कहा, 'यूपी में अब्दुल डिप्टी सीएम बनेगा। अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि मेरे बराबर में बैठेगा।' आजाद ने यह भी कहा कि दूसरे वर्ग से भी एक डिप्टी सीएम बनाया जाएगा। इससे पहले गठबंधन का ऐलान करते हुए ओवैसी साफ कर चुके हैं कि चंद्रशेखर आजाद ही मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। यानी गठबंधन ने मुख्यमंत्री के साथ-साथ डिप्टी सीएम पद को लेकर भी अपनी मंशा जाहिर कर दी है।
ओवैसी ने मोदी-योगी पर साधा निशाना
रैली में असदुद्दीन ओवैसी ने अपने और चंद्रशेखर आजाद पर हुए गोलीबारी के हमलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वे ऐसे अत्याचार के सामने चुप रहने के बजाय मरना पसंद करेंगे और बदलाव लाने के लिए आगे आए हैं।
ओवैसी ने कहा कि अगर यूपी में गरीबों, शोषितों और पिछड़े लोगों की सरकार बनती है, तो वह किसी एक जाति की नहीं, बल्कि जनता की सरकार होगी और उसका मुख्यमंत्री चंद्रशेखर आजाद होगा।
उन्होंने देश और उत्तर प्रदेश में नफरत बढ़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जिम्मेदार ठहराया। ओवैसी ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनने के बाद अब ‘बाबा’ के दिन गिने-चुने रह गए हैं।
SIR को लेकर भी उठाए सवाल
ओवैसी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR पर भी सवाल उठाए। उन्होंने इसे संविधान को कमजोर करने का एक और तरीका बताया। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस दावे पर सवाल किया, जिसमें एक करोड़ से ज्यादा हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कटने की बात कही गई थी।
ओवैसी ने पूछा कि मुख्यमंत्री को यह आंकड़ा कैसे पता चला और AI के जरिए इसका पता लगाने के दावे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनवरी या फरवरी में आचार संहिता लागू हो सकती है, इसलिए वोट डालने से पहले लोगों को इन मुद्दों पर विचार करना चाहिए।
ओवैसी ने साफ कहा कि जब तक यूपी के गरीबों, कमजोर वर्गों और शोषितों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक चंद्रशेखर आजाद और उनके कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे।