शुरू हो गया राजा भैया का सियासी खेल! यूपी चुनाव के लिए पहली लिस्ट में 3 नामों का ऐलान, खुद इस सीट से लड़ेंगे चुनाव
राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए तीन उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की।
UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। बीजेपी, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी के साथ-साथ छोटे दल भी अपनी चुनावी रणनीति बनाने में जुटे हैं। इसी बीच कुंडा से विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने भी अपने पत्ते खोल दिए हैं।
उनकी पार्टी ने चुनाव के लिए पहली सूची जारी करते हुए तीन उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। खास बात यह है कि राजा भैया एक बार फिर अपनी परंपरागत कुंडा सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे। पार्टी की इस घोषणा के साथ ही प्रतापगढ़ की राजनीति में भी हलचल बढ़ गई है।
कुंडा से आठवीं बार चुनाव लड़ेंगे राजा भैया
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की पहली सूची में खुद राजा भैया का नाम शामिल है। वह प्रतापगढ़ जिले की कुंडा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। राजा भैया 1993 से लगातार इस सीट का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं और अब तक सात बार विधायक चुने जा चुके हैं। 2027 में वह आठवीं बार कुंडा से अपनी किस्मत आजमाएंगे। पार्टी ने बाबागंज सीट से विनोद सरोज को उम्मीदवार बनाया है। विनोद सरोज भी इस सीट से चार बार विधायक रह चुके हैं।
विश्वनाथगंज से कुलदीप पटेल को टिकट
तीसरे उम्मीदवार के तौर पर पार्टी ने कुलदीप पटेल को मैदान में उतारा है। उन्हें प्रतापगढ़ जिले की विश्वनाथगंज विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। कुलदीप पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि हैं। इस तरह पार्टी ने अपनी पहली सूची में प्रतापगढ़ जिले की तीन सीटों कुंडा, बाबागंज और विश्वनाथगंज के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।
प्रतापगढ़ से बाहर भी विस्तार की चुनौती
राजा भैया की पार्टी के सामने इस बार सिर्फ अपनी मजबूत सीटों पर पकड़ बनाए रखने की चुनौती नहीं होगी, बल्कि प्रतापगढ़ से बाहर भी राजनीतिक आधार बढ़ाना अहम रहेगा। 2022 के विधानसभा चुनाव में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने कई सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन पार्टी के दो विधायक ही जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। इनमें राजा भैया और विनोद सरोज शामिल हैं। ऐसे में 2027 के चुनाव में पार्टी कितनी सीटों पर उम्मीदवार उतारती है और उसका प्रदर्शन कैसा रहता है, इस पर सबकी नजर रहेगी।
फिलहाल, राजा भैया की ओर से तीन उम्मीदवारों के नामों का ऐलान ऐसे समय किया गया है, जब प्रदेश में राजनीतिक दल अपनी तैयारियों को धार देने में जुटे हैं। हालांकि, विधानसभा चुनाव की आधिकारिक तारीखों का ऐलान अभी नहीं हुआ है, लेकिन पार्टियों की शुरुआती गतिविधियों से साफ है कि 2027 की चुनावी तैयारी ने रफ्तार पकड़ ली है।