फतेहपुर में ‘विवादित’ स्थल पर पूजा को लेकर बवाल! रोकने पर पुलिस से झड़प, 21 के खिलाफ एफआईआर दर्ज

Fatehpur Mandir Maqbara Vivad: सदर कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत आबूनगर रेड्डया मोहल्ला स्थित विवादित धार्मिक स्थल मकबरा-मंदिर पर भारी संख्या में पुलिस और प्रशासन की नजर रहती है।

Update:2025-11-06 14:54 IST

Fatehpur Mandir Maqbara Vivad

Fatehpur Mandir Maqbara Vivad: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में विवादित मकबरा-मंदिर का मामला बढ़ने लगा है। देव दीपावली के अवसर पर दर्जनों महिलाएं समूह बनाकर विवादित स्थल के सामने पूजा-अर्चना के लिए पहुंच गयीं। जब सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें विवादित स्थल की ओर जाने से रोका तो नाराज महिलाओं ने गाली-गलौज किया और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता भी की। यही नहीं जिद पर अड़ी महिलाओं ने विवादित स्थल की तरफ रुख करते हुए आरती की। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। न्यूजट्रैक वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। मामले में पुलिस ने एक नामजद और 20 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

देव दीपावली पर पहुंची कई महिलाएं

सदर कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत आबूनगर रेड्डया मोहल्ला स्थित विवादित धार्मिक स्थल मकबरा-मंदिर पर भारी संख्या में पुलिस और प्रशासन की नजर रहती है। इसके बाद भी देव दीपावली के अवसर 20 से ज्यादा महिलाएं पूजा के लिए मकबरा स्थल की बैरिकेडिंग तक पहुंच गयीं। महिलाओं ने विवादित स्थल की तरफ रुख कर आरती की। महिलाओं को विवादित स्थल के करीब पहुंचते देख जब वहां पर ड्यूटी में तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की और सदर कोतवाली पुलिस को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलने ही तत्काल कोतवाल तारकेश्वर राय मौके पर पहुंचे और महिलाओं को अपने घरों पर जाकर पूजा-अर्चना करने की बात कही। इस पर नाराज महिलाओं ने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और अभद्रता की। घटना के संबंध में कोतवाल तारकेश्वर राय ने बताया कि महिला आरक्षी मंजू सिंह की तहरीर पर एक नामजद और 20 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और अभद्रता करने की संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज हुई है।

मामला कोर्ट में विचाराधीन, 12 को होगी सुनवाई

उल्लेखनीय है कि फतेहपुर में विवादित मंदिर और मकबरे के स्थल का मामला सिविल जज सीनियर की कोर्ट में विचाराधीन है। इस मामले की अगली सुनवाई 12 नवंबर 2025 को होगी। भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल के आह्वान पर बीते 11 अगस्त 2025 को कर्पूरी ठाकुर चौराहे पर हजारों की तादाद में भीड़ इकट्ठा हुई थी। विवादित स्थल पर तोड़फोड़ कर भगवा झंडा लहराते हुए पूजा-पाठ हुआ था। जिसके बाद दो समुदायों में तनाव बढ़ गया था।

Tags:    

Similar News