Chitrakoot News: मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही पर आयुक्त सख्त, BLO से जवाब तलब
Chitrakoot News: बांदा और तिंदवारी के बूथों का निरीक्षण कर आयुक्त अजीत कुमार ने अनुपस्थित बीएलओ पर कार्रवाई के निर्देश दिए, पात्र युवाओं और छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर।
मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही पर आयुक्त सख्त, BLO से जवाब तलब(Photo- Newstrack)
Chitrakoot News: विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के विशेष अभियान दिवस पर रविवार को आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार ने रोल आब्जर्वर के रूप में बांदा और तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान आर्य कन्या इंटर कॉलेज के बूथ पर बीएलओ अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और तहसीलदार बांदा सदर को संबंधित बीएलओ से स्पष्टीकरण लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने बांदा विधानसभा क्षेत्र के आर्य कन्या इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में बनाए गए मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर बीएलओ की उपस्थिति तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान आर्य कन्या इंटर कॉलेज में तैनात बीएलओ कांती देवी अनुपस्थित मिलीं। इस पर आयुक्त ने निर्वाचन कार्य में लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई।
निरीक्षण किए गए बांदा विधानसभा क्षेत्र के बूथों पर कुल 69 फॉर्म-6, सात फॉर्म-7 और 16 फॉर्म-8 प्राप्त हुए। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच कर निर्धारित समय में निस्तारण किया जाए। विशेष अभियान दिवस पर प्रत्येक बीएलओ की अपने निर्धारित बूथ पर उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराई जाए।
इसके बाद आयुक्त ने तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र के कन्या पूर्व माध्यमिक कम्पोजिट विद्यालय मुंगुस, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय और कन्या पूर्व माध्यमिक कम्पोजिट विद्यालय तिंदवारी में स्थापित मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। यहां कुल 20 फॉर्म-6 प्राप्त हुए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को पात्र नागरिकों के आवेदन लेकर उनका समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों और अन्य छूटे हुए पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, अपात्र प्रविष्टि हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता और अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरवाया जाए। बीएलओ बूथ पर आने वाले नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देकर सहयोग करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। निर्वाचन संबंधी सभी कार्य निष्पक्षता, पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के तहत पूरे किए जाएं।