Gorakhpur News: सीएम योगी की अफसरों को दो टूक, न होने पाए चेन स्नेचिंग, बढ़ाएं पुलिस पैट्रोलिंग

Gorakhpur News: मुख्यमंत्री ने अटल आवसीय विद्यालय, सैनिक पेंशन व आयुष विश्वविद्यालय की प्रगति की भी समीक्षा की।

Update:2023-02-15 21:03 IST

CM Yogi (Social Media)

Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देशित किया है कि पुलिस प्रशासन चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाने को मुस्तैद रहे। इसके लिए पैट्रोलिंग को निरंतर बढ़ाया जाए। गली-मोहल्ले तक गश्त बढ़ाकर आपराधिक तत्वों को करारा कानूनी सबक सिखाया जाए।

कानून व्यवस्था व विकास कार्यों की समीक्षा की

मुख्यमंत्री बुधवार शाम गोरखनाथ मंदिर के सभाकक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था व विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की उपासना का विशेष पर्व महाशिवरात्रि आसन्न है। इस पर्व पर गांव-गांव तक के शिवालयों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में सभी शिवालयों पर लोगों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। साथ ही प्रशासन इन सभी जगहों पर साफ सफाई के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करे।

सभी प्रोजेक्ट समय से गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किए जाए

जनपद में निर्माणाधीन विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देशित किया कि सभी प्रोजेक्ट तय समयावधि में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किए जाएं। किसी भी स्तर पर कोताही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने टीपीनगर से पैडलेगंज सिक्सलेन फ्लाईओवर, इसमें जुड़ने वाले देवरिया बाईपास फोरलेन फ्लाईओवर, खजांची चौराहा फोरलेन फ्लाईओवर, देवरिया बाईपास फोरलेन चौड़ीकरण, नौकायन से देवरिया बाईपास फोरलेन, भटहट-बांसस्थान फोरलेन के निर्माण कार्य में अब तक की प्रगति की जानकारी ली।

अटल आवसीय विद्यालय, सैनिक पेंशन व आयुष विश्वविद्यालय की प्रगति की समीक्षा की 

मुख्यमंत्री ने अटल आवसीय विद्यालय, सैनिक पेंशन व आयुष विश्वविद्यालय की प्रगति की भी समीक्षा की। कहा कि आयुष विश्वविद्यालय व सैनिक स्कूल के काम समय सीमा में पूर्ण करा लिए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया अटल आवासीय विद्यालय में नए सत्र से पठन पाठन प्रारम्भ होना है, इसके लिए सभी औपचारिकताओं को शीघ्रता से पूरा कर लिया जाए। समीक्षा बैठक में एडीजी जोन अखिल कुमार, कमिश्नर रवि कुमार एनजी, डीएम कृष्णा करुणेश, सीडीओ संजय कुमार मीना समेत प्रशासन व पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News