Aligarh News: कई सालों से मुसीबत बना खूंखार मगरमच्छ पकड़ा गया, लोगों ने ली चैन की सांस

Aligarh News: जिले के नई बस्ती इलाके के पोखर में एक मगरमच्छ के आतंक से स्थानीय लोग परेशान थे। इसके डर की वजह से लोग पोखर के पास जाने से कतराते थे।

Update: 2023-07-19 10:11 GMT

Aligarh News: जिले के नई बस्ती इलाके के पोखर में एक मगरमच्छ के आतंक से स्थानीय लोग परेशान थे। इसके डर की वजह से लोग पोखर के पास जाने से कतराते थे। वन विभाग को इसकी सूचना दी गई थी लेकिन मगरमच्छ को लंबे वक्त तक वहां से हटाया नहीं गया था। बुधवार को वन विभाग की टीम पूरे बंदोबस्त के साथ आई और मगरमच्छ हो काबू कर लिया।

पहले छोटा सा था मगरमच्छ, वर्षों में बड़ा होकर हुआ खौफनाक

बन्नादेवी थाना इलाके के क्षेत्र नई बस्ती के पोखर में वर्षों से ये मगरमच्छ था। बस्ती के इस पोखर में आसपास के क्षेत्र का पानी एकत्रित होता है। इस पोखर में वर्षों पहले एक छोटा सा मगरमच्छ दिखा था। पहले लोगों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया, धीरे-धीरे ये बड़ा हो गया और विकराल रूप धारण कर लिया। अक्सर मगरमच्छ पोखर के बाहर निकल आता था और गांव में आसपास तक चला जाता था। गांव में मगरमच्छ को चलता देख लोग घरों में कैद हो जाते थे और उनमें दहशत का माहौल बन जाता था। कई बार इस बारे में वन विभाग को सूचना दी गई लेकिन वहां से तब इस मगरमच्छ के प्रति को रूचि नहीं दिखाई गई।

कड़ी मशक्कत के बाद दबोचा गया

स्थानीय लोगों के द्वारा मगरमच्छ के बाहर गलियों में चलते हुए कई वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए गए। जिसके बाद बुधवार को वन विभाग की टीम हरकत में आई। इसे पकड़ने के लिए टीम के लोग पहुंचे लेकिन भारी बारिश होने के कारण पोखर में ज्यादा पानी था और मगरमच्छ दिख नहीं रहा था। काफी देर बाद मगरमच्छ धूप सेंकने के लिए बाहर रोड पर निकल आया। जिसके बाद वन विभाग ने जाल लगाकर मगरमच्छ को पकड़ लिया।

शहर से बाहर छोड़ा जाएगा

वन विभाग की टीम में शामिल लोगों ने बताया कि मगरमच्छ की स्वास्थ्य जांच करने के बाद उसे शहर के बाहर उसके प्राकृतिक परिवेश में छोड़ दिया जाएगा। उधर, मगरमच्छ से छुटकारा मिलने पर स्थानीय लोगों ने चैन की सांस ली है।

Tags:    

Similar News