Etah News: डिलीवरी के बाद प्रसूता की मौत, परिजनों ने निजी अस्पताल पर लगाए लापरवाही के आरोप

Etah News: जीटी रोड के एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ने और उपचार के दौरान मौत का मामला सामने आया है।

Update:2026-08-05 23:21 IST

Etah News

Etah News: जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित जीटी रोड के एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ने और उपचार के दौरान मौत का मामला सामने आया है। मृतिका के परिजन मोहित ने अस्पताल प्रबंधन और आशा कार्यकत्री पर इलाज में लापरवाही समेत गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना जैथरा थाना क्षेत्र के गांव सर्रा निवासी 30 वर्षीय क्रांति पत्नी अजय पाल को दो दिन पूर्व प्रसव के लिए जीटी रोड स्थित ऊं हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार अस्पताल में डिलीवरी के दौरान क्रांति ने बेटे को जन्म दिया। आरोप है कि इसके बाद अचानक उसकी हालत गंभीर बताकर अस्पताल कर्मियों ने बिना परिजनों को पूरी जानकारी दिए उसे एंबुलेंस से आगरा भेज दिया, जबकि नवजात को अस्पताल में ही भर्ती रखा गया।

परिजनों का आरोप है कि आगरा पहुंचने के बाद इलाज के नाम पर उनसे करीब 50 हजार रुपये जमा कराए गए। इसके बाद क्रांति की मौत हो गई और उसका शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने अस्पताल में उपचार के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है।

मृतिका के परिजनों का यह भी आरोप है कि आशा कार्यकत्री मीना ने ही क्रांति को उक्त अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि कथित आर्थिक लाभ के लालच में प्रसूताओं को निजी अस्पतालों में भेजा जा रहा है और उनकी जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मृतिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News