Etah News: अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ा सपा का पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन, मंच पर चढ़ने को लेकर मची होड़

Etah News: एटा के जलेसर में आयोजित समाजवादी पार्टी के पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में मंच पर चढ़ने को लेकर अफरा-तफरी मच गई।

Update:2026-08-04 22:29 IST

Etah News

Etah News: एटा जनपद की जलेसर तहसील में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को नगर स्थित बृज भूमि रिसोर्ट में समाजवादी पार्टी का पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन के दौरान उस समय अव्यवस्था फैल गई, जब जलेसर विधानसभा क्षेत्र से विधायक पद के संभावित दावेदार अपने समर्थकों के साथ मंच पर चढ़ने लगे। प्रदेश अध्यक्ष के सामने शक्ति प्रदर्शन और फोटो खिंचवाने की होड़ के बीच मंच पर अफरा-तफरी मच गई और हॉल में धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हालात संभालने के लिए सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल को स्वयं माइक संभालकर कार्यकर्ताओं को मंच से हटने की चेतावनी देनी पड़ी।

सम्मेलन का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति तय करना और पीडीए के बीच संगठन को मजबूत करना था, लेकिन दावेदारों के शक्ति प्रदर्शन ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए। प्रदेश अध्यक्ष ने मंच से स्पष्ट शब्दों में कहा कि मंच पर बैठने या शक्ति प्रदर्शन करने से किसी को टिकट नहीं मिलेगा। टिकट पार्टी के नियमों और प्रोटोकॉल का पालन करने, दलितों, शोषितों और पीड़ितों की मदद करने तथा बूथ स्तर पर संगठन और पार्टी के वोट बैंक को मजबूत करने वाले कार्यकर्ताओं को ही मिलेगा।अपने संबोधन में श्यामलाल पाल ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में किसान, युवा और बेरोजगार परेशान हैं। खाद की उपलब्धता, कीमत और तौल से जुड़ी किसानों की समस्याओं का भी उन्होंने उल्लेख किया। पेपर लीक के मामलों को लेकर उन्होंने सरकार पर युवाओं के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया।

सम्मेलन को प्रदेश महासचिव डॉ. राजकुमारी धनगर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेश यादव, धीरेन्द्र सिंह यादव, राकेश लोधी, राकेश बघेल, धर्मेंद्र यादव, अनिल यादव, शशांक यादव तथा पूर्व विधायक रणजीत सुमन सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष परवेज जुवेरी ने की, जबकि संचालन भूपेंद्र प्रजापति ने किया। सम्मेलन में गुलवीर सिंह यादव, सुनील यादव एडवोकेट, निखिल धनगर, शिवराज सिंह, छत्रपाल बघेल, कालीचरण बघेल, रविंद्र सिंह यादव, पुष्पेंद्र लोधी (बद्दन), वंशी राजपूत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News