Etah News: एटा में मजदूर दिवस पर सभा, हकों की मांग को लेकर उठी आवाज

Etah News: महावीर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में मजदूर नेताओं ने न्यूनतम मजदूरी 700 रुपये प्रतिदिन तय करने, श्रमिक पंजीकरण अनिवार्य करने और स्वास्थ्य-शिक्षा सुविधाएं बढ़ाने की मांग उठाई।

Update:2026-05-01 19:57 IST

 एटा में मजदूर दिवस पर सभा, हकों की मांग को लेकर उठी आवाज (Photo- Newstrack)

Etah News: एटा जिला मुख्यालय पर आज 1 मई को राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर महावीर पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीपीएम के जिला सचिव कामरेड राजाराम यादव ने की। इस दौरान जिले के कई मजदूर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और मजदूरों के हक एवं अधिकारों को लेकर अपनी बातें रखीं।

सभा में कामरेड ज्ञान सिंह बघेल, कामरेड राजवीर सिंह, कामरेड इश्तियाक अली और कामरेड प्रेम सिंह समेत कई मजदूर नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान “किसान-मजदूर एकता जिंदाबाद”, “दुनिया के मजदूर एक हो” और “इंकलाब जिंदाबाद” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा।

न्यूनतम मजदूरी 700 रुपये प्रतिदिन की मांग

इस मौके पर मजदूरों के लिए न्यूनतम मजदूरी 700 रुपये प्रतिदिन तय किए जाने की मांग उठाई गई। साथ ही केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार से श्रमिकों के हित में ठोस कदम उठाने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश के श्रम विभाग में सभी मजदूरों का पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराया जाए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

सभा में यह भी मांग की गई कि मजदूरों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, मुफ्त इलाज और बच्चों के लिए निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। वक्ताओं का कहना था कि देश की अर्थव्यवस्था में मजदूरों का अहम योगदान है, लेकिन उन्हें अब भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सचिव कामरेड राजाराम यादव ने कहा कि मजदूर दिवस केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने का दिन है। उन्होंने कहा कि जब तक मजदूरों को उनका उचित हक नहीं मिलेगा, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में मजदूर एकता को मजबूत करने और उनके अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाने का संकल्प लिया गया।

Tags:    

Similar News