Etah News : विधानसभा में गूंजा युवा स्वर: देवेश यादव ने रखा प्रभावशाली दृष्टिकोण

Etah News : एटा के देवेश यादव ने युवा संसद 2026 में रखा दमदार पक्ष, बजट 2026 और युवाओं की भूमिका पर प्रभावशाली विचार

Update:2026-05-05 19:55 IST

Etah News : जनपद एटा के जलेसर तहसील क्षेत्र के अवागढ़ ब्लॉक अंतर्गत गांव नगला गंगा निवासी युवा प्रतिभागी देवेश यादव ने विकसित भारत युवा संसद 2026 के मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराते हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रभावशाली संबोधन प्रस्तुत किया। यह कार्यक्रम ‘माय भारत’ के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेशभर से आए युवाओं ने सहभागिता की और विभिन्न राष्ट्रीय विषयों पर अपने विचार रखे।

देवेश यादव ने “केंद्रीय बजट 2026: विकसित भारत 2047 की ओर, भारतीय युवाओं के मार्ग को दृढ़ बनाना” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और वर्तमान बजट इसी दिशा में एक मजबूत पहल है। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं के सशक्तिकरण के लिए तीन प्रमुख बिंदु प्रस्तुत किए।

उन्होंने EEE (एजुकेशन टू एम्प्लॉयमेंट एंड एंटरप्राइज) मॉडल के माध्यम से शिक्षा को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही डिजिटल आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देते हुए स्वदेशी तकनीक और एप्स के विकास की आवश्यकता बताई। इसके अलावा ऑरेंज इकोनॉमी के अंतर्गत एनीमेशन, गेमिंग और कंटेंट क्रिएशन जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए अपार संभावनाएं होने की बात कही।

अपने संबोधन को प्रेरणादायक बनाते हुए उन्होंने युवाओं की क्षमता की तुलना हनुमान जी की शक्ति से की और कहा कि सही मार्गदर्शन मिलने पर युवा देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं निर्णायक मंडल ने उनके विचारों की सराहना की।

देवेश यादव की इस उपलब्धि से एटा जनपद, जलेसर तहसील और उनके गांव नगला गंगा में खुशी का माहौल है। उन्होंने “जय हिंद, जय भारत” के साथ अपने वक्तव्य का समापन किया।

Tags:    

Similar News