Etah News: एटा में दो विवाहिता की संदिग्ध मौत, एक फांसी तो दूसरी ने खाया जहर, पुलिस जांच जारी
Etah News: एटा में अलग-अलग मामलों में दो विवाहिता की संदिग्ध मौत से हड़कंप। एक ने फांसी लगाई और दूसरी ने जहर खाया। पुलिस जांच में जुटी।
Etah News: जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो विवाहिता महिलाओं की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है। पहली घटना थाना अवागढ़ क्षेत्र के यादव नगर की है, जहां 28 वर्षीय विवाहिता साधना का शव घर में फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
बताया गया है कि साधना की शादी यादव नगर निवासी अमित कुमार के साथ हुई थी। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश दीक्षित ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी घटना थाना रिजोर क्षेत्र के गांव नगला विके की है, जहां 26 वर्षीय विवाहिता रीता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला ने विषाक्त पदार्थ का सेवन किया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया है कि रीता की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व यशपाल के साथ हुई थी। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। दोनों मामलों में पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।