Etah News: तेज रफ्तार बाइक की नीलगाय से टक्कर, जीजा की मौत, साला गंभीर घायल
Etah News: एटा के सकीट क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की नीलगाय से टक्कर हो गई, जिसमें जीजा की मौत हो गई और साला गंभीर रूप से घायल हो गया।
Etah News
Etah News: एटा जनपद के थाना कोतवाली सकीट क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। नगला काजी के पास तेज रफ्तार बाइक अचानक सड़क पर आए नीलगाय से टकरा गई, जिससे बाइक सवार जीजा-साले गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय अजय कुमार पुत्र श्री रामगोपाल निवासी ग्राम पूंठ नगला रंधौर थाना एका जनपद फिरोजाबाद अपने साले पवन पुत्र प्रमोद निवासी उज्जैपुर थाना बागबाला के साथ बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वे नगला काजी के पास पहुंचे, अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई और तेज रफ्तार बाइक उससे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। अजय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पवन को इलाज के लिए वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की पुष्टि क्षेत्राधिकारी सकीट नीतेश गर्ग ने की है। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोग सड़क पर आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं, ताकि इस तरह के हादसों पर रोक लगाई जा सके।