Etah News: हत्या कांड पर बढ़ा दबाव: फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पीड़िता ने SSP से लगाई गुहार
Etah News: पवन कुमार हत्याकांड में 20 दिन बाद भी 5 आरोपी फरार, पीड़िता ने एसएसपी से लगाई गुहार, महिलाओं ने किया प्रदर्शन, पुलिस पर लापरवाही और दबाव में काम करने के आरोप।
हत्या कांड पर बढ़ा दबाव: फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पीड़िता ने SSP से लगाई गुहार (Photo- Newstrack)
Etah News: एटा जनपद के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में 20 दिन पूर्व हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में अब पीड़ित परिवार का गुस्सा खुलकर सामने आ गया है। मृतक पवन कुमार की पत्नी लक्ष्मी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, उन पर इनाम घोषित करने और कुर्की की कार्रवाई की मांग की है। इस मामले को लेकर बड़ी संख्या में महिलाएं भी एसएसपी कार्यालय पहुंचीं और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि 14 अप्रैल 2026 को ग्राम गदनपुर निवासी पवन कुमार को कथित तौर पर एक युवती के मोबाइल से मैसेज कर घर से बुलाया गया, जिसके बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। इस मामले में थाना कोतवाली देहात में मुकदमा अपराध संख्या 163/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस अब तक 8 नामजद आरोपियों में से 3 को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि 5 आरोपी अभी भी फरार हैं।
पीड़िता का आरोप है कि फरार आरोपी रोहित, मोहित, बर्सू, अनीता और सर्वेश खुलेआम घूम रहे हैं, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। उसने पुलिस पर मिलीभगत और प्रभावशाली लोगों के दबाव में काम करने का भी गंभीर आरोप लगाया है। साथ ही परिवार को लगातार मिल रही धमकियों का जिक्र करते हुए सुरक्षा की मांग भी की है।
घटना और जांच की स्थिति
प्रार्थना पत्र में पीड़िता ने साफ कहा कि उसे थाना पुलिस से न्याय की उम्मीद नहीं है और अब केवल प्रशासन से ही इंसाफ की आस है। मामले के पीछे प्रेम प्रसंग को भी कारण बताया जा रहा है, जिसमें युवती के परिजनों द्वारा इस वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामारन ने बताया कि फरार आरोपियों पर इनाम घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। अब सभी की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है।